Raigarh News: हाथियों ने फसल व मकान उजाड़े, खेत जाने से घबरा रहे ग्रामीण, दहशत मे गाँव वाले

Raigarh News धरमजयगढ़ वन मंडल की छाल रेंज में 73 हाथियों की आमद से ग्रामीण दहशत में हैं। किसान फसल की कटाई के लिए खेतों की तरफ नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, इलाके में लगे कार्तिक मेले में भीड़ नहीं है, क्योंकि आसपास के ग्रामीण हाथियों के हमले की आशंका से शाम को बाहर नहीं निकल रहे हैं। वन अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की ट्रैकिंग कर ग्रामीणों को सचेत किया जा रहा है। मकानों में तोड़फोड़ और फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है। जल्द मुआवजा दिया जाएगा।
धरमजयगढ़ डिवीजन में अभी 77 हाथी हैं। इनमें 73 हाथी झुंडों में छाल रेंज में विचरण कर रहे हैं। दीपावली के बाद फसल कटाई ने रफ्तार पकड़ी है। कुछ जगहों पर कटी हुई फसल खेतों में रखी है। पिछले तीन दिनों से हाथियों के उत्पात की वजह से किसान खेतों की तरफ नहीं जा पा रहे हैं। कुछ जगहों पर हाथियों ने खेतों में खड़ी फसल रौंद दी है। एड़ू, खेदापाली, बांधापाली, बोकरामुडा, नवापारा, गडिनबहरी समेत 10 से अधिक गांव में हाथियों की दहशत है।
Read more: कार्तिक पूर्णिमा पर बन रहा दो बेहद शुभ संयोग, चमकेगी इन राशि वालों की किस्मत
Raigarh News: छाल रेंज के एक दर्जन से अधिक गांव के लोग बोजिया और पुसल्दा गांव में लगे कार्तिक मेले में जाते हैं। ये जगह हाथी प्रभावित क्षेत्र है। अभी यहां हाथी विचरण कर रहे हैं। इस डर से ग्रामीण मेला देखने तक नहीं जा रहे हैं। रायगढ़ से धरमजयगढ़ तक जाने वाले लोग इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। बोजिया इलाके की सड़क संकरी है। हाथियों ने हमला किया तो बचना मुश्किल होगा। इस डर से आवाजाही कम हुई है।