Raigarh News: सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों को दिए जाने वाले गुण्डाधुर सम्मान हेतु 10 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

Raigarh News रायगढ़, 23 सितम्बर 2022/ 01 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर राज्य के सर्वोत्कृष्ट खिलाडिय़ों को दिए जाने वाले गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2022-23 के लिए 10 अक्टूबर 2022 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए है। आवेदक वेबसाईट www.sports.cg.gov.inमें आवेदन का प्रारूप या कार्यालय से प्राप्त कर सकते है। निर्धारित प्रारूप में भरे हुए आवेदन संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम जी.ई.रोड रायपुर अथवा कार्यालय सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर, रायगढ़ में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर प्रस्तुत कर सकते है।
Read also: Raigarh News: गृहिणी से एक सफल उद्यमी बनी पदमा राठिया
*चयन हेतु मापदंड*
गुण्डाधूर सम्मान ऐसे पात्र खिलाडिय़ों को दिए जायेंगे जिन्होंने वर्ष 2021-22 में ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण हेतु विचार क्षेत्र में लिया जाता है, जो सीनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। इस सम्मान के लिए उन खिलाडिय़ों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा जो छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय/अद्र्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत है। सम्मान हेतु वर्ष की गणना 01 अप्रैल से 31 मार्च तक होगी। यह सम्मान विभाग के अन्य खेल पुरस्कारों के अलावा होगा जो खिलाड़ी को उसकी उपलब्धियों के लिए दिया गया है, लेकिन महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे। यदि किसी खिलाड़ी या दल को उपलब्धि वर्ष या सम्मान वर्ष में मान्यता प्राप्त खेल संगठन द्वारा राज्य या राष्ट्रीय चैम्पियनशिप से निष्कासित किया गया हो तो उसे संबंधित वर्ष के लिए यह सम्मान प्राप्त करने की पात्रता नहीं होगी। गुण्डाधूर सम्मान से अलंकृत खिलाडिय़ों को एक लाख रुपये नगद अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।



