Raigarh News: रियल च्वॉइस ज्वेलर्स से महिला ग्राहक ने उड़ाए 50 हजार के गहने... – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: रियल च्वॉइस ज्वेलर्स से महिला ग्राहक ने उड़ाए 50 हजार के गहने…

Raigarh News रायगढ़, 8 जून। सोने का लॉकेट लेने के बहाने रियल च्वॉइस ज्वेलर्स गई एक शातिर महिला मौका पाते ही शोकेस में रखे 50 हजार के सोने के लटकन को पलक झपकते ऐसे उड़ा ले गई कि दुकानदार और स्टॉफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। अलबत्ता, सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर बच्चे और अधेड़ शख्स के साथ जूलरी शॉप पहुंची सन्दिग्ध महिला जरूर कैद हुई। इसी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने स्थित रियल च्वॉइस ज्वेलर्स के काऊंटर में युवा कारोबारी अर्पित अग्रवाल आत्मज राजेश अग्रवाल (पार्क एवेन्यू निवासी) आम दिनों की तरह बुधवार रात लगभग साढ़े 7 बजे बैठा था तभी एक महिला छोटे से बच्चे और मामूली रूप से लंगड़ाने वाले अधेड़ पुरुष साथी के साथ वहां पहुंची और सोने का लॉकेट मांगने लगी।

अर्पित के कहने पर स्टॉफ ने सोने का लॉकेट भी दिखाया, मगर महिला ने यह कहते हुए नापसंद कर दिया कि दूसरे डिजाइन में दिखाओ।

इस बीच स्टॉफ जब सोने की लॉकेट की वेरायटी लेने अर्पित के पास काउंटर में गया तो मौका पाते ही महिला ने शोकेस में शातिराना तरीके से हाथ डाला और वहां 8 से 10 ग्राम के रखे सोने के लटकन को खींचकर चुपके से अपने पास रख लिया। जूलरी शॉप के भीतर हाथ की सफाई करने वाली महिला को लगा कि उसकी चोरी की करतूत किसी ने नहीं देखा, लेकिन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में सबकुछ रिकॉर्ड हो गया। वहीं, सोने का लॉकेट पसंद नहीं आने का बहाना करते हुए महिला जब बच्चे और लंगड़े आदमी के साथ दुकान से निकल गई।

तकरीबन आधे घंटे के बाद अर्पित जब अपने स्टॉफ के साथ दिनभर जेवर लेनदेन का मिलान कर रहा था तो कान में पहनने वाला सोने का लटकन गायब दिखा । स्टॉफ के साथ अर्पित ने काउंटर से लेकर शोकेस तक छान मारा, मगर जब 50 हजार का आभूषण नहीं मिला और सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो शातिर महिला की असलियत सामने आते ही उन्होंने रविशंकर शक्ल मार्केट के आसपास सहित रेलवे तथा बस स्टैंड जाकर भी खोजबीन की, लेकिन न सन्दिग्ध महिला मिली और न ही बच्चे के साथ लंगड़ा शख्स। ऐसे में बदहवास जूलरी व्यवसायी ने फिर थाने की शरण लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

Also read WTC Final: Team India के टॉप-4 ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा…

 

 

Raigarh News      बहरहाल, कोतवाली पुलिस अब अज्ञात आभूषण चोरों के खिलाफ धारा 380 के तहत आपराधिक प्रकरण कायमी के साथ ही सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश में भी जुटी है।

Related Articles

Back to top button