Raigarh News: रायगढ़ मे यह कैसी स्वच्छता..बस स्टैंड से महज 200 मीटर की दूरी पर निगम कर्मी डाल रहे कचरा

Raigarh News: तीन साल पहले नगर निगम ने शहर के रामपुर में डाले गए कचरे के निपटारे के लिए दो करोड़ 11 लाख खर्च किए। अब कर्मचारी ट्रांसपोर्ट नगर में बस स्टैंड के नजदीक कूड़ा डाल रहे हैं। यहां 200 मीटर की दूरी पर बस स्टैंड इंदिरा आवास समेत रिहायशी और व्यावसायिक बसाहट हैं। लोग गंदगी से परेशान हैं। नियमों के तहत शहर में कूड़ा डंपिंग यार्ड नहीं बनाना है। अफसर कचरा डाले जाने की बात स्वीकार भी नहीं कर रहे और कचरा सेग्रीगेशन के लिए मशीन मंगाने और यहां डंप हो रहे कूड़े के कम्पोस्ट बनाने की बात भी कहते हैं।
शहर की सफाई व्यवस्था पर हर महीने निगम 45 लाख रुपए से अधिक खर्च करता है। शहर में मुख्य इलाकों में गंदगी है, वहीं शहर के प्रमुख इलाके और हाईवे के किनारे डंपिंग यार्ड बनाए गए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में तीन सालों से लगातार कचरा डंप किया जा रहा है। नगर निगम के मुताबिक हर दिन शहर से 58 टन कचरा निकलता है, इसमें लगभग साढे 54 टन कचरे का उठाव होता है। कर्मचारी मानते हैं कि 20 फीसदी कचरा ही एसएलआरएम सेंटर पहुंच पाता है।
सफाई के लिए भारी-भरकम अमला नगर निगम में नियमित सफाई कर्मियों की संख्या 55 है। प्लेसमेंट पर 360 कर्मचारी रखे गए हैं। घरों से कचरा कलेक्शन के लिए 290 स्वच्छता दीदी हैं। नगर निगम के पास 130 रिक्शा, 12 एसएलआरएम सेंटर और 11 ट्रैक्टर हैं। इतने बड़े अमले के बाद भी न केवल शहर के प्रमुख इलाकों में गंदगी देखी जा रही है बल्कि शहर के नजदीक ही कूड़े की डंपिंग की जा रही है।
क्या कहते हैं अमरेश लोहिया, ईई, नगर निगम
Raigarh News: कम्पोस्ट बनवाने जल्द मिलेगी मशीन ^कचरे के सेग्रीगेशन और कम्पोस्ट बनाने के लिए मशीन मंगाई जाएगी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद समस्या का समाधान होगा। ट्रांसपोर्ट नगर में सेग्रीगेशन के बाद सोलिड वेस्ट बड़ी मात्रा में डंप है, उसके ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। कूड़े का प्रबंधन बेहतर किया जाएगा।



