Raigarh News: मोटर सायकिल सवार साथी गंभीर, पुसौर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

Raigarh News रायगढ़, 9 अप्रैल। शोकपत्र बांटकर लौट रहे बाईक सवारों को बेकाबू पिकअप ने इस कदर अपनी गिरफ्त में लिया कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके साथी की हालत गंभीर है। यह हादसा पुसौर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूलतः बरमकेला के ग्राम नूनपानी में रहने वाला सीताराम सिदार आत्मज सुंदर लाल (40 वर्ष) अपने रिश्तेदार यशवंत सिदार के साथ शनिवार शाम बजाज सीटी 100 से दशकर्म कार्यक्रम का शोकपत्र बांटने पुसौर आया था। संबंधितों को शोकपत्र देने के बाद बाईक सवार दोनों घरवापसी के लिए रवाना हुए। बताया जाता है कि रात लगभग पौने 9 बजे ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग में पुल के पास दोनों ग्रामीण पहुंचे थे कि अपेक्षाकृत तेज और लापरवाहीपूर्वक रफ्तार से आने वाला पिकअप उनको ठोकते हुए भाग निकला।
Read more: Raigarh News: यूपी का कबाड़ी खरीदता था मालगाड़ी से चोरी हुए पार्ट्स
Raigarh News चार पहिया वाहन की अप्रत्याशित चपेट में आते ही मोटर सायकिल सवार दोनों लोग गिर गए। चूंकि, सड़क दुर्घटना की भेंट चढ़े सीताराम के शरीर के बाहरी के अलावे अंदरूनी भागों में काफी चोटें आई, इसलिए जिंदगी और मौत के बीच चन्द सांसें गिनते ही उसकी ईहलीला समाप्त हो गई। वहीं, सिर-पांव और अन्य हिस्सों से चोटिल यशवंत को असहाय पड़े देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। तदुपरांत, जख्मी को अस्पताल ले जाकर दाखिल कराया गया, जहां सघन इलाज के बाद भी उसकी हालत खतरे के दायरे में है।
दूसरी तरफ, मृतक सीताराम के चाचा श्यामलाल सिदार की रिपोर्ट पर पुसौर पुलिस भादंवि की धारा 279, 337, 304 ए के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए फरार पिकअप चालक की सरगर्मी से खोजबीन कर रही है।



