Raigarh News: ग्रामीण उद्यमिता की नींव मजबूत करता रीपा – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: ग्रामीण उद्यमिता की नींव मजबूत करता रीपा

Raigarh News रायगढ़, 22 मई 2023/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने में जुटी है। शासन की योजनाओं से छत्तीसगढ़ में जहां किसानों को फसल का उचित दाम मिल रहा है वहीं गांवों में आजीविका के अवसर भी गौठान व रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से तैयार हो रहे है। गांवों में पशुधन के लिए बनाये गौठान में तैयार हो रहे ग्रामीण औद्योगिक पार्क से ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश के ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से चलायी जा रही इन योजनाओं से आज गांवों में खेती किसानी के साथ ही आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। योजनाओं से महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिला है। गौठानों में तैयार उत्पादों के विक्रय के लिए सी-मार्ट भी खोले गए है जिससे इन उत्पादों को बाजार मिल रहा है।

Read more: Raigarh News: रेल्वे बंगलापारा में हुये बलवा मामले के फरार तीन और आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा रिमांड

*रीपा से महिला समूहों के साथ युवाओं को भी मिलेगा लाभ*
रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से एक ओर जहां महिला समूहों को जोड़ा जा रहा है। तो वहीं दूसरी ओर गांव के ऐसे युवा जो खुद का काम शुरू करना चाहते हैं और उनके पास पर्याप्त जगह नहीं है। उन्हें गौठानों में बने इन इंडस्ट्रियल पार्कों में काम करने की जगह मिल रही है। प्रथम चरण में जिले के 7 विकासखंड में 2-2 रीपा तैयार किए जा रहे हैं। गौठानों में समूहों द्वारा वर्मी कंपोस्ट निर्माण के साथ सामुदायिक बाड़ी, मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन जैसे कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण औद्योगिक पार्क के अंतर्गत फेब्रिकेशन, सिलाई यूनिट, सीएचसी सेंटर, एल्यूमीनियम फेब्रिकेशन, मशरूम पालन रायगढ़ जिले के मशरूम उत्पादन, इसके साथ ही तेल, आटा, मिनी राइस मिल, गोबर पेंट निर्माण, गोबर गमला, दिया इत्यादि निर्माण का काम भी किया जा रहा है। जिनमें संलग्न लोगों को टे्रनिंग भी दिलवायी जा रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऋण भी प्रदान किया जा रहा है। इनमें बहुत से गतिविधियां स्थानीय स्तर के युवाओं द्वारा की जा रही हैं। रीपा का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना है। जिससे लोग स्वावलंबी हो और स्थानीय स्तर पर उन्हें आजीविका के अधिक से अधिक अवसर मिले।
Raigarh News *सी-मार्ट में उत्पादों की हो रही बिक्री*
गौठानों व रीपा में तैयार उत्पादों का विक्रय सी-मार्ट के द्वारा किया जा रहा है। यहां धरमजयगढ़ में तैयार सवई घास के उत्पाद, लैलूंगा से बने मिट्टी के बर्तन, घरघोड़ा से तैयार लाख की प्रोडक्ट के साथ स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले गृह उत्पाद आचार, पापड़, बड़ी का विक्रय किया जाता है। सी-मार्ट के माध्यम से गौठानों के प्रोडक्ट के लिए एक बाजार भी तैयार हो गया है। होली के दौरान गौठान में विशेष रूप से हर्बल गुलाल तैयार किए गए, जिसकी बड़ी डिमांड रही।

Related Articles

Back to top button