Raigarh News: गौठानों में गोबर खरीदी व वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में लाए तेजी-कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: गौठानों में गोबर खरीदी व वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में लाए तेजी-कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा

Raigarh News रायगढ़, 11 अप्रैल 2023/ कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ की बैठक ली। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहीं लापरवाही मिलती है तो कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा, डीएफओ रायगढ़ सुश्री स्टायलो मण्डावी, आयुक्त नगर निगम श्री संबित मिश्रा उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री सिन्हा ने विकासखंडवार गौठानो में गोबर खरीदी और वर्मी कंपोस्ट विक्रय की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुछ विकासखंड में खरीदी अच्छी हो रही है लेकिन धरमजयगढ़, तमनार, लैलूंगा में खरीदी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने धरमजयगढ़ विकासखण्ड में योजना की धीमी प्रगति को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को शो काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कृषि विभाग के अमले को इसके लिए फील्ड स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्मी कंपोस्ट निर्माण कृषि विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं चलेगी। उप संचालक कृषि को सभी आरएईओ को गौठानों की फील्ड मॉनिटरिंग करने के लिए कहा। इसके साथ ही पशु पालन विभाग के अमले को भी इस कार्य में संलग्न करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि सभी गौठान सक्रिय हो तथा वहां नियमित रूप से खरीदी हो। नहीं तो कृषि और पशुपालन विभाग के संबंधित नोडल अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही होगी। इसके साथ ही कलेक्टर श्री सिन्हा ने वर्मी कंपोस्ट निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने खरीदे गए गोबर के मुकाबले कन्वर्शन रेशियो में सुधार लाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गो मूत्र खरीदी की भी समीक्षा की और इसमें बढ़ोत्तरी करने के लिए उप संचालक पशुपालन को निर्देशित किया।
*स्वावलंबी गौठानों की संख्या बढ़ाएं*

Read more: IPL 2023 के बीच विराट कोहली पर लगा गंभीर आरोप
कलेक्टर श्री सिन्हा ने बैठक में कहा कि जिले में स्वावलंबी गौठान की संख्या बढ़ानी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। गोबर खरीदी, वर्मी कंपोस्ट निर्माण और उसकी बिक्री तक सारे कार्य सुचारू रुप से होना चाहिए। जिससे गौठानों की आय में वृद्धि हो और वे स्वावलंबी बन सके।
Raigarh News *मार्केट लिंकेज पर दें जोर*
कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि जिन गौठानों में ग्रामीण औद्योगिक पार्क संचालित हो रहे है, वहां तैयार उत्पादों के मार्केट लिंकेज पर जोर दें। ग्रामीण औद्योगिक पार्क का उद्देश्य महिला समूहों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जो ग्रामीण अपना खुद का व्यवसाय या उद्यम चालू करना चाहते है उन्हें बढ़ावा देना है। जिससे न केवल उस काम से जुड़ा व्यक्ति आय अर्जित कर सके बल्कि दूसरों के लिए रोजगार के मौके भी तैयार हो। कलेक्टर श्री सिन्हा ने इसके लिए मार्केट लिंकेज पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित उद्योगों से टाईअप कर निर्मित प्रोडक्ट के लिए मार्केट तैयार किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button