रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: आमजन के शिकायतों का निवारण हो प्राथमिकता-कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा

Raigarh News रायगढ़, 7 फरवरी 2023/ जिले में पदस्थापना के पश्चात कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज समय-सीमा की पहली बैठक ली। पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार भी आज बैठक में शामिल होने पहुंचे। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि जन शिकायतों का निवारण सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। अपना काम जिम्मेदारी व पारदर्शिता से करें। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित कार्यालयीन समय में ऑफिस पहुंचे, इसकी औचक जांच की जाएगी और समय पर कार्यालय नहीं आने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मुख्यालय में नहीं रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अप डाउन की प्रवृत्ति नहीं चलेगी। अपने मुख्यालय में निवास करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास करना है।

कलेक्टर श्री सिन्हा ने धान उठाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शेष बचे धान का डीओ जारी कर तत्काल उठाव करवायें। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को अब तक हुए भुगतान के बारे में नोडल अधिकारी अपेक्स बैंक से जानकारी ली। बताया गया कि 800 करोड़ से अधिक की राशि किसानों के खाते में डाल दी गई है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि किसानों को बैंकों से पैसे निकालने में असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने माईक्रो एटीएम के माध्यम से भी भुगतान करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने जर्जर स्कूल भवनों के मरम्मत कार्य के प्रगति के बारे में भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कहा कि टेंडर का काम तेजी से आगे बढ़ाये। निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ होने चाहिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि स्कूल भवनों में होने वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। इसके साथ ही उन्होंने इस सत्र से स्वामी आत्मानंद स्कूलों में उन्नयन होने वाले विद्यालयों में भी रेनोवेशन का काम शुरू करने के लिए कहा। यहां बच्चों के लिए अच्छे हवादार टायलेट, लैब एवं लाईब्रेरी का प्राथमिकता से निर्माण करवाने के लिए कहा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गोबर पेन्ट का उपयोग करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने केसीसी निर्माण के बारे में चर्चा की। उन्होंने मत्स्य पालन विभाग तथा पशुपालन विभाग से इस वर्ष बनाये गये केसीसी के आंकड़ो की जानकारी ली। कम संख्या में केसीसी निर्माण पर नाराजगी जतायी और संबंधित विभागों से कहा कि दिए गए लक्ष्य अनुसार केसीसी निर्माण की संख्या बढ़ाए। इसके लिए कैम्प लगाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कृषि विभाग के अधिकारियों से जिले में सरसों तथा रागी फसल उत्पादन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को दूसरी फसल लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री युवा केन्द्र का लाभ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अधिक से अधिक बच्चों को दिए जाने के लिए भी उन्होंने निर्देशित किया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा, आयुक्त नगर निगम श्री संबित मिश्रा, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री अभिषेक जोगावत, डीएफओ रायगढ़ सुश्री स्टायलो मण्डावी, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत व विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
*जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को एक टीम के रूप में फील्ड में करना है कार्य-एसपी श्री सदानंद कुमार*
समय-सीमा की बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार भी जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को आपसी तालमेल व समन्वय के साथ फील्ड पर काम करना है, जिससे तेजी से रिजल्ट मिले। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों की अपनी भूमिका होती है और उनके अनुभवों का लाभ हम आपस में अपने काम को बेहतर करने के लिए ले सकते है। उन्होंने जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के फील्ड स्टॉफ के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया और कहा कि इससे कई समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही निपट जाएगी।

Read more:Raigarh News: एसएसपी सदानंद कुमार ज्वाइन करते ही जिले के 102 बदमाशों को भेजे जेल
*जल जीवन मिशन के काम में लाये तेजी*
कलेक्टर श्री सिन्हा ने जल जीवन मिशन के कार्योंे की भी समीक्षा बैठक के दौरान की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का कार्य धीमा चल रहा है, इसमें तत्काल तेजी लाए। सभी सीईओ जनपद को उन्होंने गांव में चल रहे जल जीवन मिशन के कार्यों के गुणवत्ता परीक्षण के लिए भी निर्देशित किया। कलेक्टर श्री सिन्हा ने अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश जिला खनिज अधिकारी को दिए। इसी प्रकार उन्होंने आबकारी विभाग को भी नियमित रूप से कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
*सोमवार को कार्यालयों में मिलेंगे अधिकारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश*
Raigarh News: कलेक्टर श्री सिन्हा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले भर से लोग अपना काम लेकर जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यालयों में आते है। कई बार अधिकारियों के दौरे पर होने या अधीनस्थ अधिकारियों की मीटिग लेने से नहीं मिल पाने के कारण लोगों को अपना काम बिना करवाये वापस लौटना पड़ता है, ऐसी स्थिति न हो इसके लिए सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से सोमवार को अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे। इस दिन जनचौपाल भी होती है, जिसमें बहुत से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते है। सोमवार को कार्यालय में उपस्थित रहने से जिले के दूर-दराज से अपना काम लेकर आए लोग अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे।

Related Articles

Back to top button