Prayagraj Traffic Rules: एक जून से ट्रैफिक का नया नियम होगा लागू, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट के चालान के साथ लाइसेंस भी होगा रद्द

Prayagraj Traffic Rules अगर आप प्रयागराज की सड़कों पर बिना हेलमेट पहने, सीट बेल्ट लगाए बिना या गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करते हुए पकड़े गए, तो अब सिर्फ जुर्माना भरकर काम नहीं चलने वाला है. अब आपका ड्राइविंग लाइसेंस सीधे सस्पेंड यानी निलंबित कर दिया जाएगा. संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह कड़ा फैसला लिया गया है. इस बैठक में साफ कर दिया गया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कराने के लिए अब प्रशासन किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है.
जाम लगाने वाले मैरिज हॉल और अस्पतालों की खैर नहीं
शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. डीएम मनीष कुमार वर्मा ने साफ निर्देश दिया है कि जिन मैरिज हॉल, स्कूलों और अस्पतालों में अपनी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, उन्हें तुरंत नोटिस जारी किया जाए. इसके साथ ही चौक, घंटाघर, सिविल लाइंस और लल्ला चुंगी जैसे सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाम से निपटने के लिए एक खास कार्ययोजना बनाई गई है. इस प्लान में टेंपो-टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और स्थानीय वेंडर्स को भी शामिल किया गया है, जिसे वालंटियर्स की मदद से एक जून से जमीन पर लागू कर दिया जाएग
पार्किंग के लिए बने 16 स्थायी होल्डिंग्स एरिया
शहर के भीतर बेतरतीब खड़े रहने वाले भारी वाहनों पर लगाम लगाने के लिए 16 स्थायी होल्डिंग्स एरिया तय किए गए हैं, जहां बसों और ट्रकों की पार्किंग अनिवार्य होगी. इसके अलावा शहरी इलाकों में नो ई-रिक्शा जोन, नो व्हीकल जोन और पैदल चलने वाले जोन तय करने की जिम्मेदारी एडीएम सिटी की अगुवाई में बनी एक विशेष टीम को सौंपी गई है. एक जून से लागू होने वाले इन नए नियमों के तहत अगर किसी व्यक्ति ने सड़कों के किनारे लगी सरकारी रेलिंग या डिवाइडर को नुकसान पहुंचाया, तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्टंटबाजों पर शिकंजा और अस्पतालों की होगी जियो टैगिंग
Prayagraj Traffic Rulesसड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं के खिलाफ भी डीएम ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. दुर्घटनाओं के समय तुरंत इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को नेशनल हाईवे के किनारे बने सभी अस्पतालों की जियो टैगिंग करने और वहां एम्बुलेंस तैनात रखने को कहा गया है. वहीं सड़कों पर लगने वाले अनावश्यक जाम को रोकने के लिए नगर निगम जल्द ही वेंडिंग जोन बनाकर स्ट्रीट वेंडर्स को वहां शिफ्ट करेगा. इस अहम बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, डीसीपी ट्रैफिक विजय आनंद और टेंपो टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे.



