छत्तीसगढ़ के मौसम पर ताजा अपडेट, मौसम विज्ञानी ने दी जानकारी

रायपुर: इस वर्ष की होली लोगों को और तपाने वाली होगी और हो सकता है कि गर्मी में पिछले 10 वर्षों का रिकार्ड टूट जाए। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का यही क्रम जारी रहा तो अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब भी पहुंच सकता है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा और प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान एडब्लयूएस रायगढ़ में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर सहित प्रदेश भर में बुधवार को मौसम शुष्क रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। गर्मी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और दोपहर की तपिश के साथ ही रात में भी गर्मी बढ़ते जा रही है। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और न्यूनतम तापमान भी 22.3 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर पश्चिम हो गई है। इसके चलते गुरुवार 17 मार्च को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रहेगा।



