Latest Cg News: समय-सीमा बैठक में कलेक्टर की दो टूक: वीबी जी राम योजना और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लाएं तेजी

Latest Cg News:बेमेतरा 07 जुलाई 2026
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जनहित से जुड़े मामलों एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए तथा विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें तथा योजनाओं का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
वीबी जी राम योजना के कार्यों में लाएं गति, गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करें निर्माण कार्य
बैठक में कलेक्टर ने वीबी जी राम योजना के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा फील्ड निरीक्षण के माध्यम से निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में दिखे सुधार, शिकायतकर्ता को मिले वास्तविक राहत
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर प्रकरण बंद करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं स्थायी समाधान मिले। उन्होंने कहा कि बार-बार एक जैसी शिकायतों का प्राप्त होना संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली में कमी को दर्शाता है। ऐसे मामलों का मूल कारण तलाशकर स्थायी समाधान किया जाए। निम्न रैंकिंग वाले विभागों को विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और आगामी समीक्षा तक रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
सुशासन तिहार के आवेदनों का करें प्राथमिकता से निराकरण
कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में निराकरण शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाया जाए।
जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का सर्वे कर तैयार करें सूची
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में ऐसे सभी आंगनबाड़ी भवनों की विकासखंडवार सूची तैयार की जाए जो पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं अथवा डिस्मेंटल किए जाने योग्य हैं। जिन स्थानों पर नए भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है अथवा भूमि स्वीकृति लंबित है, उनके प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर नए भवनों का निर्माण कराया जा सके।
जाति प्रमाण-पत्र और आयुष्मान कार्ड निर्माण में लाएं प्रगति
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों एवं पात्र नागरिकों के जाति प्रमाण-पत्र समय-सीमा के भीतर जारी किए जाएं, ताकि उन्हें प्रवेश, छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित कर लक्ष्य की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग कर बढ़ाएं शैक्षणिक गुणवत्ता
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की नियमितता, शिक्षण गुणवत्ता तथा परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। विद्यालयों में अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
सड़कों पर नहीं दिखें आवारा मवेशी, गौठान एवं कांजी हाउस की व्यवस्थाएं हों बेहतर
कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को तत्काल गौठानों एवं कांजी हाउस में सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने वहां पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान तथा आवश्यक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौठानों एवं कांजी हाउस का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने को भी कहा।
जनहित के मामलों में अधिकारी स्वयं करें फील्ड विजिट
कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा (टीएल) प्रकरणों, जनशिकायतों एवं शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी आवश्यकतानुसार स्वयं मैदानी भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है।बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डिप्टी कलेक्टर सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


