खैरागढ़ विधानसभा: पूर्व CM रमन सिंह का खैरागढ़ उपचुनाव जीतने का दावा

खैरागढ़ विधानसभा: राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक दलों ने यहां चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बीजेपी ने बुधवार को कार्यकर्ता सम्मेलन किया। जिसमें पूर्व सीएम रमन सिंह समेत बीजेपी के तमाम नेता शामिल हुए।
बीजेपी ने बुधवार को छुईखदान और खैरागढ़ क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। इस सम्मेलन में बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस सम्मेलन में शामिल होने पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत तमाम नेता पहुंचे थे।
खैरागढ़ विधानसभा:कार्यकर्ता सम्मेलन में छुईखदान
सम्मेलन के बाद रमन सिंह ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में छुईखदान और खैरागढ़ दोनों जगह शामिल हुआ हूं। कार्यकर्ताओं में उत्साह, जोश है। रमन सिंह ने दावा किया कि यह बात तय हो चुका है कि आने वाले 12 अप्रैल को मतदान और 16 तारीख को वोटों की गिनती होगी तो भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल प्रचंड मतों से चुनाव जीतेंगे।
खैरागढ़ विधानसभा:देवव्रत कांग्रेस से उपेक्षित थे
रमन सिंह ने इस दौरान कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 3 साल में कांग्रेस सरकार ने खैरागढ़ को सबसे ज्यादा उपेक्षित किया है। यहां विकास के काम रुक गए हैं। रमन सिंह ने पूर्व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह के सवाल पर कहा कि वो कांग्रेस से उपेक्षित थे। इसलिए दूसरे पार्टी से देवव्रत सिंह ने चुनाव लड़ा था।



