IPL 2026 Schedule: IPL 2026 के दूसरे फेज के शेड्यूल का हो गया ऐलान, जानें कितने मैचों का होगा टूर्नामेंट
IPL 2026 Schedule: क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। BCCI ने IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। इससे पहले 28 मार्च से 12 अप्रैल तक 20 मैचों के शेड्यूल का ऐलान किया गया था। अब दूसरे फेज में 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक के मैचों के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है। इसमें लीग स्टेज के बाकी बचे 50 मुकाबले आयोजित होंगे। दूसरे चरण के मैच देश के 12 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगा, प्लेऑफ की रेस और ज्यादा रोमांचक होती जाएगी।
दूसरे फेज में 8 डबल हेडर
टूर्नामेंट के इस फेज की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जहां सनराइजर्स हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से हैदराबाद में होगा। यह मुकाबला आगे आने वाले रोमांचक मैचों की झलक भी देगा। इस चरण में कुल 8 डबल-हेडर यानी एक दिन में दो मैच खेले जाएंगे। दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि शाम के मैच 7:30 बजे से खेले जाएंगे। टीमों के होम ग्राउंड की बात करें तो पंजाब किंग्स अपने घरेलू मुकाबले न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें इस फेज के दौरान धर्मशाला में तीन मैच शामिल हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार होम मैच खेलेगी। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बेंगलुरु में तीन और रायपुर में दो घरेलू मैच खेलने हैं।
Advertisement
प्लेऑफ मैचों के शेड्यूल का बाद में होगा ऐलान
जैसे-जैसे लीग स्टेज अपने अंतिम दौर में पहुंचेगा, हर मुकाबला टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा। पॉइंट्स टेबल में जगह बनाने के लिए टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी, जिससे फैंस को हाई-वोल्टेज क्रिकेट का भरपूर मजा मिलने वाला है। हालांकि, प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू का ऐलान अभी नहीं किया गया है। BCCI जल्द ही इस पर भी अपडेट जारी करेगा। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि कौन-सी टीमें इस दूसरे चरण में दम दिखाकर प्लेऑफ में जगह बनाएंगी और खिताब की दौड़ में आगे बढ़ेंगी।



