खेल

सनराइजर्स हैदराबाद को लगा तगड़ा झटका, सुंदर अगले दो मैचों से हो सकते हैं बाहर

मुंबई: सनराइजर्स हैदराबाद के कोच टॉम मूडी ने बताया कि हाथ में चोट के कारण ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर कम से कम अगले दो IPL मैचों से बाहर रह सकते हैं.

सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए और अपने कोटे के चार ओवर पूरा नहीं कर पाए. वॉशिंगटन सुंदर ने पावर प्ले में 2 ओवर सहित कुल 3 ओवर में सिर्फ 14 रन दिए, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला.

सनराइजर्स हैदराबाद को लगा तगड़ा झटका

सोमवार रात को सनराइजर्स ने गुजरात को आठ विकेट से हराया था. सनराइजर्स हैदराबाद के कोच टॉम मूडी ने मैच के बाद कहा, ‘वॉशिंगटन के दाएं हाथ में अंगूठे और पहली उंगली के बीच की वेबिंग में चोट लगी है.

हम अगले दो से तीन दिन तक वॉशिंगटन की चोट पर नजर रखेंगे. उम्मीद करते हैं कि यह बड़ी चोट नहीं होगी. उम्मीद करता हूं कि इसे ठीक होने में एक हफ्ते के आसपास का समय लगेगा.’

वॉशिंगटन सुंदर अगले दो मैचों से हो सकते हैं बाहर

सनराइजर्स हैदराबाद को अपने अगले दो मैच में शुक्रवार और रविवार को क्रमश: कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स से भिड़ना है. मौजूदा सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने सिर्फ वॉशिंगटन को ही विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में खिलाया है और इस विभाग में उसके पास अधिक विकल्प भी नहीं हैं.

राहुल त्रिपाठी की चोट गंभीर नहीं

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में तीन ओवर में बिना विकेट के 47 रन लुटाने के बाद वॉशिंगटन ने अगले तीन मैच में किफायती गेंदबाजी करते हुए 11 ओवर में 63 रन देकर चार विकेट चटकाए.

बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी की चोट हालांकि गंभीर नहीं है. वह टाइटंस के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बीच में ही रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. छक्का जड़ने के बाद त्रिपाठी मैदान पर गिर गए थे और उन्हें उपचार कराना पड़ा था.

मूडी ने कहा, ‘वह ठीक है, उसे जकड़न की समस्या हुई थी.’ उन्होंने कहा, ‘उमस भरे हालात थे और काफी दौड़ने के कारण दिक्कत हुई. हमें इस पर ध्यान देना होगा जिससे कि सुनिश्चित कर सकें कि बल्लेबाजी में उससे अधिकतम हासिल कर सकें, वह हमारे लिए बहुमूल्य खिलाड़ी हैं.’

Related Articles

Back to top button