IndiGo Airline: ‘प्लेन में बम है!’ बेंगलुरु से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टॉयलेट में मिला हाथ से लिखा नोट
IndiGo Airline बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ़्लाइट में बम होने की खबर मिली। इसके बाद फ्लाइट को तुरंत खाली करा लिया गया।
टिशू पेपर में लिखा गया धमकीभरा नोट
यह घटना शाम करीब 7:00 बजे हुई, जब फ्लाइट का स्टाफ उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, एक यात्री ने केबिन क्रू को तब अलर्ट किया, जब उसे फ्लाइट के वॉशरूम में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर लिखा था कि फ्लाइट में कोई विस्फोटक चीज रखी है।
फ्लाइट में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
ये जानकारी सामने आते ही फ्लाइट में हड़कंप मच गया। आपातकालीन स्थितियों के लिए तय नियमों का पालन करते हुए, फ्लाइट के कैप्टन ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया और फ्लाइट की अच्छी तरह से तलाशी ली गई।
नहीं मिली कोई संदिग्ध चीज
गहन तलाशी के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने इस खबर को एक अफवाह बताया। लंबी जांच के बाद फ्लाइट में कोई भी संदिग्ध चीज या विस्फोटक नहीं मिला। आखिरकार, वह फ्लाइट उसी शाम कुछ देर बाद रवाना हुई और अपनी मंजिल तक पहुंच गई।
IndiGo Airlineविस्फोटक की अफवाह को लेकर सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। साथ ही उस व्यक्ति की पहचान की जा रही है, जिसने धमकीभरा नोट लिखा था।



