India Aviation Safety: एयर इंडिया और इंडिगो का बुरा हाल; 50% विमानों में बार-बार दिखी समस्या, लोकसभा में सरकार ने किया डराने वाला खुलासा

India Aviation Safety भारत के एविएशन रेगुलेटर की ऑडिट में आधे से ज्यादा विमानों में गड़बड़ियां पाई गई हैं। भारत के एविशन रेगुलेटर की जांच के बाद हवाई यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठ गया है। लोकसभा को नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार एविएशन रेगुलेटर ने जिन 754 विमानों का ऑडिट किया है, उनमें से 377 में बार-बार गड़बड़ी देखने को मिली। रेगुलेटर ने यह जांच जनवरी 2025 से लेकर 3 फरवरी, 2026 के बीच की है।
सबसे बुरा हाल एयर इंडिया का है, जिसके जांचे गए हर चार में से तीन विमानों में बार-बार दिक्कत देखी गई है। इंडिगो का हाल भी ज्यादा बेहतर नहीं है और इसके हर तीसरे विमान में कुछ न कुछ दिक्कतें देखने को मिली हैं। गुरुवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से लोकसभा को यह जानकारी दी गई है। लोकसभा में सांसदों द्वारा पूछे गए सवालों में बार-बार होने वाली तकनीकी या ऑपरेशनल कमियों के बारे में जवाब मांगे गए थे।
विमानों में आई बार-बार तकनीकी खराबी
एयर इंडिया ग्रुप के 267 विमानों में से 191 (72%) में बार-बार तकनीकी खराबी पाई गई। इसके बाद इंडिगो का नंबर था। इसके 405 विमानों की जांच की गई। उनमें से 148 में इस साल 3 फरवरी तक रिपीटेटिव डिफेक्ट ( एक ही खराबी बार-बार) पाई गई। लोकसभा में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि DGCA ने पिछले साल सुरक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर जांच की। इस दौरान 3890 सर्विलांस इंस्पेक्शन, 56 ऑडिट, 492 रैंप चेक और 84 विदेशी विमानों की जांच की गई। 874 स्पॉट चेक और 550 नाइट सर्विलांस भी किए गए।
पहले के वर्षों की तुलना में कम हुई दिक्कतें
हालांकि, उड्डयन उद्योग में जो गड़बड़ियां लिस्ट की जाती हैं, वह सिर्फ विमान की सुरक्षा से ही संबंधित नहीं होतीं। इनमें कमियों की बड़ी लिस्ट यात्री केबिन से भी जुड़ी होती हैं। जैसे कि सीटों का टूटा-फूटा होना या फिर फ्लाइट स्क्रीन का काम नहीं करना या खिड़कियों से जुड़ी दिक्कतें। सरकार ने जो डेटा शेयर किया है उसके अनुसार, ‘पिछले तीन वर्षों में तकनीकी दिक्कतों में कमी दर्ज की गई है। साल 2023 में यह संख्या 448 थी, जबकि 2025 में मात्र 353 तकनीकी खामियां पाई गई हैं।
यह भी पढ़ें | Rapido Uber-Ola Strike: कल देशव्यापी स्ट्राइक करेंगे Uber, Ola, Rapido के ड्राइवर्स; लोगों की बढ़ेगी परेशानी
एयर इंडिया, इंडिगो के साथ ज्यादा दिक्कत
अगर विमान में होने वाली बार-बार की दिक्कतों की संख्या के हिसाब से देखें तो इंडिगो पहले नंबर पर है, जिसके 148 विमानों में समस्याएं पाई गईं। इसके बाद एयर इंडिया के 137, एयर इंडिया एक्सप्रेस के 54, स्पाइसजेट के 16, आकासा एयर के 14 और एयरलाइंस एयर के 8 विमानों में लगातार दिक्कतें नजर आईं।
एयर इंडिया ने दिया यह जवाब
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने सरकारी डेटा जारी के बाद कहा, ‘हमने बहुत ज्यादा सावधानी बरतते हुए अपने पूरे फ्लीट में चेक किए हैं, इसलिए संख्या ज्यादा है। एयरलाइन के एक सीनियर एग्जीक्यूटिव ने कहा कि प्लेन में अलग-अलग तरह के इक्विपमेंट चेक किए जाते हैं। इन्हें इक्विपमेंट की प्रायोरिटी या अर्जेंसी के आधार पर A, B, C और D सेगमेंट में बांटा गया है।
India Aviation Safetyएग्जीक्यूटिव के मुताबिक एयर इंडिया के मामले में, ज्यादातर दिक्कतें कैटेगरी D में हैं, जिसमें सीटें, ट्रे टेबल, स्क्रीन (सीटों के पीछे) वगैरह जैसी चीजें शामिल हैं। ये एयरक्राफ्ट की सेफ्टी से जुड़ी नहीं हैं। एग्जीक्यूटिव ने आगे कहा कि अगले दो सालों में जब नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट के लिए रेट्रोफिट प्रोग्राम शुरू होगा, तो ये दिक्कतें भी हल हो जाएंगी



