IND vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, इंग्लैंड को 7 रन से हराया..

IND vs ENG भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला गया जिसमें भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से था। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन के बल्ले से 89 रनों की शानदार पारी ने अहम योगदान दिया। इसके बाद टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर्स में 246 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी और उसे इस मुकाबले में 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। अब खिताबी मैच में टीम इंडिया का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड की टीम से होगा।
पहले 6 ओवर्स में इंग्लैंड ने गंवा दिए तीन विकेट, बेथेल ने संभाला एक छोर
इंग्लैंड की टीम जब इस सेमीफाइनल मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली। पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर इंग्लैंड को पहला झटका फिल साल्ट के रूप में लगा जो सिर्फ 5 के निजी स्कोर पर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से उनकी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। इस तरह से इंग्लैंड ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर 38 के स्कोर तक अपने 2 अहम विकेट गंवा दिए थे। यहां जैकब बेथेल ने जोस बटलर का साथ तो दिया लेकिन पारी के छठे ओवर में बटलर 17 गेंदों में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए, जिसमें पहले 6 ओवर्स का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 68 रन था।
बेथेल को मिला विल जैक्स का साथ, मुकाबला हुआ रोमांचक
IND vs ENGपावरप्ले खत्म होने के साथ जैकब बेथेल ने काफी आक्रामक रुख अपनाया जिसमें उन्होंने एक छोर से लगातार बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिए, इस दौरान इंग्लैंड की टीम ने अपना चौथा विकेट 95 के स्कोर पर टॉस बैंटन के रूप में गंवा दिया जो 5 गेंदों में 17 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विल जैक्स ने जैकब बेथेल का शानदार तरीके से साथ देने के साथ पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 39 गेंदों में 77 रनों की शानदार साझेदारी करने के साथ इस मैच को पूरी तरह से रोमांचक बना दिया। विल जैक्स को पवेलियन भेजने में अक्षर पटेल का शानदार कैच ने अहम भूमिका निभाई, इंग्लैंड की टीम ने अपना पांचवां विकेट 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर 172 के स्कोर पर गंवाया। जैक्स इस मैच में 20 गेंदों में 35 रनों की पारी खेलने के बाद अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे।

