IND vs BAN: बांग्लादेशी स्पिनरों ने किया काम खराब, टीम इंडिया की जीत हुई मुश्किल

Ind vs Ban:बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने मीरपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम को मुश्किल में डाल दिया है. बांग्लादेश की टीम ने भारत के सामने 145 रनों का लक्ष्य रखा है लेकिन इस आसान से लक्ष्य के सामने ही भारत की हालत खराब हो गई है. भारत ने तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक अपने चार विकेट खो दिए हैं और 45 रन ही बनाए हैं. दिन का खेल खत्म होने तक जयदेव उनादकट तीन और अक्षर पटेल 26 रन बनाकर खेल रहे हैं.
बांग्लादेश ने पहली पारी में 227 रन ही बनाए थे. इसके बाद टीम इंडिया ने 314 रन बना 87 रनों की बढ़त ले ली थी. इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में बांग्लादेश को बड़ा स्कोर नहीं करने दिया और 231 रनों पर ही ढेर दिया.भारतीय टीम अभी भी जीत से 100 रन पीछे है जबकि उसके छह विकेट बचे हैं, लेकिन टीम इंडिया के लिए मुश्किल बात ये है कि उसने अपने मुख्य बल्लेबाजों को खो दिया है.
Read more:छत्तीसगढ़: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कांग्रेस नेता की गई जान
स्पिनरों ने किया काम खराब
तीसरे दिन से ये पिच स्पिनरों के लिए मददगार साबित हो रही है. इसी के देखते हुए बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने पहला ओवर फेंका और यहीं से भारत की मुश्किलें बढ़ गईं. एक ओर से शाकिब तो दूसरे छोर से ताइजुल इस्लाम ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. तीसरे ओवर में शाकिब ने केएल राहुल को विकेटकीपर नुरूल हसन के हाथों कैच कराया. इसके बाद मेहेदी हसन मिराज ने चेतेश्वर पुजारा को पवेलियन बैठा दिया.
मिराज ने फिर दूसरे सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को पवेलियन पहुंचाया. गिल और पुजारा दोनों स्टंप हुए. विराट कोहली से टीम को बहुत उम्मीदें थीं लेकिन ये बल्लेबाज भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाया. मिराज की गेंद पर मोमीनुल हक ने शॉर्ट लेग पर कोहली का कैच लपका. कोहली ने एक रन बनाया.


