देश

JNU विवाद में हिंदू सेना की एंट्री, मुख्यद्वार के निकट लगाए भगवा पोस्टर

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक छात्रावास में राम नवमी के दौरान कथित रूप से मांसाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर हुई हिंसा के करीब एक सप्ताह बाद हिंदू सेना ने विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार के निकट और आस-पास के इलाके में पोस्टर और भगवा झंडा लगाए. उसने चेतावनी भी दी कि यदि भगवा का अपमान किया गया, तो कड़े कदम उठाए जाएंगे. हिंदू सेना प्रमुख विष्णु गुप्ता ने बताया कि दक्षिणपंथी संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह यादव ने भगवा जेएनयू के पोस्टर लगाए.

व्हाट्सऐप पर प्रसारित कथित वीडियो में गुप्ता यह कहते सुनाई दे रहे हैं, जेएनयू परिसर में भगवा का नियमित रूप से अपमान किया जा रहा है। हम ऐसा करने वालों को चेतावनी देते हैं. आप सुधर जाइए। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा, हम आपकी विचारधारा और हर धर्म का सम्मान करते हैं। भगवा का अपमान सहन नहीं किया जाएगा और हम कड़े कदम उठा सकते हैं. विश्वविद्यालय परिसर में कावेरी छात्रावास के भोजनालय में कथित रूप से मांसाहारी भोजन परोसने को लेकर रविवार को छात्रों के दो समूहों के बीच झड़प हुई थी. पुलिस का कहना है कि हिंसा में छह छात्र घायल हो गए थे. बहरहाल, दोनों समूहों ने दावा किया कि दोनों पक्षों के 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

ख़बर शेयर करें:

Back to top button