देश

अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से कूदने वाली लड़की की मौत, इलाज के दौरान दम तोड़ा

नई दिल्ली. अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के 40 फुट ऊंचे प्लेटफॉर्म से गुरुवार की सुबह छलांग लगाने वाली पंजाब की लड़की की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई. लड़की ने सुबह मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर दो से छलांग लगा दी थी. यात्रियों की सूचना पर सीआईएसएफ के जवानों ने उसे बचाने का प्रयास किया था. कूदने के बाद जवानों ने उसे नीचे संभाल लिया था लेकिन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस घटना का वीडियो से तेजी से वायरल हो गया था.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े सात बजे यात्रियों ने लड़की को प्लेटफॉर्म नम्बर दो की छत पर खड़े देखा. इस पर उन्होंने सीआईएसएफ (CISF) को सूचित किया. सीआईएसएफ के जवान वहां पहुंचे और वे लड़की को यह घातक कदम नहीं उठाने के लिए मनाने लगे. लड़की ने किसी की बात नहीं सुनी और नीचे कूद गई. नीचे नीचे मौजूद सीआईएसएफ एवं अन्य लोगों ने कंबल फैलाकर उसे बचा लिया. केंद्रीय औद्योगिक रिजर्व बल (सीआईएसएफ) के एक प्रवक्ता के अनुसार ऊंचाई से गिरने से लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी.

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, उसने आत्महत्या का प्रयास किया था लेकिन सीआईएसएफ के कर्मियों और अन्य लोगों ने उसे बचा लिया था. उसे गंभीर अवस्था में पास के अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बता दें कि सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इस पूरी घटना का वीडियो भी शेयर किया था.

उन्होंने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा था कि CISF जवानों द्वारा त्वरित और विवेकपूर्ण प्रतिक्रिया ने अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से कूदने वाली एक लड़की की जान बचाई. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे इतनी ऊंचाई से लड़की कूद जाती है. वहां मौजूद लोग और पुलिस के जवान उसे समझाने की भी कोशिश करते हैं. सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि 20-22 साल की यह युवती पंजाब की है और अपुष्ट खबरों के मुताबिक वह वह न तो बोल सकती है और न ही सुन सकती है.

ख़बर शेयर करें:

Back to top button