commercial lpg price: आम आदमी को बड़ा झटका, कमर्शियल LPG बढ़ती कीमतों के बीच 15% तक महंगा होगा होटल-रेस्टॉरेंट का खाना

commercial lpg price मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव की वजह से बाधित हो रही सप्लाई के कारण होटल और रेस्टॉरेंट पहले से ही मुसीबत में थे और अब कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमत में हुई भारी बढ़ोतरी ने उद्योग को भारी संकट में धकेल दिया है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में हुई ताजा बढ़ोतरी से होटल इंडस्ट्री को ‘गंभीर झटका’ लगा है और आगे स्थिति और बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई है। उद्योग संगठनों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर कीमतों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है। बताते चलें कि 1 मई, 2026 से कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के साथ अब 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम रिकॉर्ड 3,071.50 रुपये हो गया है।
3 बार में 1332.50 रुपये महंगा हो चुका है कमर्शियल LPG सिलेंडर
इससे पहले, अप्रैल में कमर्शियल LPG की कीमतों में 195.50 रुपये और मार्च में 144 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के उपाध्यक्ष प्रदीप शेट्टी ने कहा, “एलपीजी की कीमतों में हाल की बढ़ोतरी के कारण परोसे जाने वाले खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी लगभग तय लग रही है। लेकिन ये बढ़ोतरी भी शायद लागत की पूरी भरपाई नहीं कर पाएगी।” उन्होंने कहा कि 19 किलो वजन वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 3 बार में हुई कुल 1,332.50 रुपये की बढ़ोतरी से उद्योग की परिचालन लागत अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। ऐसा तब है जब कारोबार पहले से ही सप्लाई व्यवधान, सीमित परिचालन क्षमता और कमजोर नकदी प्रवाह जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
ठप हो सकते हैं होटल-रेस्टॉरेंट
commercial lpg priceशेट्टी के मुताबिक, कई होटल-रेस्टॉरेंट पहले ही सीमित समय, सीमित मेन्यू और वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था के साथ काम कर रहे हैं। ऐसे में 993 रुपये की इस बढ़ोतरी से उनके मार्जिन पर दबाव बढ़ेगा और संचालन अस्थिर हो सकता है। उन्होंने आगाह किया कि कई होटल-रेस्टॉरेंट पहले ही अस्थायी रूप से बंद हो चुके हैं और कीमतों में ये नई बढ़ोतरी होटल-रेस्टॉरेंट की बंदी और रोजगार में कटौती को और तेज कर सकती है



