Chhattisgarh news: बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों को झटका, 28 मार्च के बाद एयर सेवा पर संशय, शेड्यूल अब तक जारी नहीं

Chhattisgarh news बिलासा देवी एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दिन उलझन भरे हो सकते हैं। दरअसल, विंटर शेड्यूल खत्म होने में अब महज 6 दिन बचे हैं, लेकिन एयरलाइन कंपनी ‘एलायंस एयर’ ने अभी तक गर्मियों का नया टाइम-टेबल, समर शेड्यूल जारी नहीं किया है। इस देरी पर सवाल उठ रहा है कि क्या 28 मार्च के बाद यहां से उड़ानें बंद हो जाएंगी?
लंबे समय से हवाई सुविधा के लिए लड़ रही जन संघर्ष समिति ने इस मुद्दे पर गहरा रोष जताया है। समिति के सदस्यों का कहना है कि नियम के मुताबिक, हर 6 महीने में उड़ानों का नया शेड्यूल आता है। 28 मार्च से नया सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन आज 22 मार्च बीत जाने के बाद भी कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि कौन सी फ्लाइट कब उड़ेगी।
बता दें कि सर्दियों के शेड्यूल में दिल्ली के लिए हफ्ते में सिर्फ तीन दिन फ्लाइट चल रही थी। चर्चा यह भी थी कि कंपनी प्रयागराज की उड़ानों में कटौती करने वाली है, जिसका जनता ने कड़ा विरोध किया था। कंपनी ने वादा किया था कि वे एक बेहतर और नया शेड्यूल लेकर आएंगे, लेकिन आखिरी वक्त तक चुप्पी साधे रहने से लोगों में चिंता है कि कहीं सुविधाएं बढ़ने के बजाय और कम न हो जाएं।
हवाई सुविधा को पटरी पर बनाए रखने के लिए अब समिति ने सियासी दिग्गजों का दरवाजा खटखटाया है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मांग की गई है कि वे इस मामले में तुरंत दखल दें। समिति का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लग सकता है।
read more Navratri Special Train: आज से इतने दिनों तक चलेंगी डोंगरगढ़ के लिए स्पेशल ट्रेनें, जानें टाइम टेबल
Chhattisgarh newsएयरपोर्ट सुविधा को लेकर यहां धरना-प्रदर्शन जारी है। शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान रामशरण यादव, बद्री यादव, ऋषि राज गौतम और सुदीप श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी का एक ही सुर में कहना है कि बिलासपुर के साथ यह सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



