छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhatisgarh Samachar : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से मिली आर्थिक सहयोग से खरीदी सिलाई मशीन

Chhatisgarh Samachar :  महासमुंद 29 अक्टूबर 2026

शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने ग्राम परसकोल निवासी श्रीमती खुशबू रात्रे के जीवन को नई दिशा दी है। विवाह के समय मिले आर्थिक सहयोग का सदुपयोग करते हुए खुशबू ने सिलाई मशीन खरीदी और स्वरोजगार की शुरुआत कर आत्मनिर्भरता की राह पर कदम बढ़ाया।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए बेटी का विवाह करना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। खुशबू रात्रे के परिवार को भी विवाह की तैयारियों के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे समय में महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से परिवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी मिली। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके फलस्वरूप खुशबू का विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत हितग्राही खुशबू रात्रे के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 35 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। खुशबू ने इस राशि का सदुपयोग करते हुए सिलाई मशीन खरीदी और अपने सिलाई व्यवसाय की शुरुआत की। इससे उन्हें अपनी आजीविका चलाने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने का अवसर मिला। आज खुशबू सिलाई कार्य के माध्यम से आय अर्जित कर रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। हितग्राही परिवार ने योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button