Chhatisgarh Samachar: राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा से मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी की सौजन्य भेंट

Chhatisgarh Samachar : रायपुर, 10 मार्च 2026
मुख्यमंत्री के सलाहकार (योजना, नीति, कृषि एवं ग्रामीण विकास) डॉ. धीरेंद्र तिवारी ने आज छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश के समग्र और दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए विजन–2047 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की विकास रणनीतियों और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान राज्य के आर्थिक विकास, सामाजिक सशक्तिकरण, कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, तथा बुनियादी ढांचे के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। दोनों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रदेश के विकास के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा नीति निर्माण में दूरदर्शी दृष्टिकोण आवश्यक है।
चर्चा के दौरान प्रदेश में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाने के विषयों पर भी सकारात्मक संवाद हुआ। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन और उनके लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रशासनिक समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
डॉ. तिवारी ने कहा कि विजन–2047 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी दृष्टि से सशक्त एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं श्री मिश्रा ने भी राज्य के विकास को गति देने के लिए नीति आयोग की ओर से हर संभव सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाया।
दोनों के बीच हुई इस मुलाकात में प्रदेश के समावेशी, सतत और संतुलित विकास के लिए मिलकर कार्य करने तथा भविष्य की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।


