Chhapra Accident News: दर्दनाक हादसा! घर के बाहर सो रहे 7 लोगों को बेकाबू ट्रैक्टर ने कुचला

Chhapra Accident News बिहार के सारण जिले के मशरख नगर पंचायत क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। तख्त दलित टोला में भीषण गर्मी और बिजली नहीं होने के चलते घर के दरवाजे के बाहर सड़क किनारे सो रहे एक दर्जन लोगों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
बिजली कटने के कारण बाहर सोए थे
मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। दरअसल, तख्त दलित टोला में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली गुल थी। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर स्थानीय लोग राहत पाने के लिए अपने-अपने दरवाजों के बाहर, सड़क किनारे नाले के ऊपर सोए हुए थे। इसी दौरान पानापुर के रसौली गांव के एक टेंट हाउस का तेज रफ्तार ट्रैक्टर आया और घुमावदार सड़क पर संतुलन खोते हुए सोए हुए लोगों को रौंदता चला गया।
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर कुछ दूरी पर जाकर रुक गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसका फायदा उठाकर और अंधेरे का लाभ उठाते हुए ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहा। घटना के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो ने तत्परता दिखाई। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरख में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।
हादसे में घायल हुए लोग
Chhapra Accident Newsइस भीषण हादसे में घायल हुए सभी लोग तख्त दलित टोला गांव के ही निवासी हैं। घायलों में लव कुश ठाकुर की 5 वर्षीय पुत्री माही कुमारी, स्वर्गीय सुखदेव राम की 70 वर्षीय पत्नी गुलपति देवी, विक्रमा ठाकुर की 70 वर्षीय पत्नी कादित देवी और उनका 17 वर्षीय पुत्र राजा ठाकुर शामिल हैं। इनके अलावा, पवन ठाकुर की 20 वर्षीय पत्नी काजल देवी, दिनेश ठाकुर का 25 वर्षीय पुत्र पवन ठाकुर और स्वर्गीय विक्रमा ठाकुर का 28 वर्षीय पुत्र लव कुश ठाकुर भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।



