Chaitra Navratri 2026: इस दिन से शुरू हो रही है चैत्र नवरात्रि, नोट करें घटस्थापना का सबसे सटीक मुहूर्त और पूजा विधि

Chaitra Navratri 2026 चैत्र नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ने लगा है। वर्ष 2026 में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च यानी गुरुवार से होगी। इसी दिन हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का भी आरंभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस बार मां दुर्गा का आगमन पालकी पर हो रहा है
चैत्र नवरात्रि 2026 की प्रमुख तिथियां
नवरात्रि प्रारंभ : 19 मार्च 2026 (गुरुवार)
महाष्टमी : 26 मार्च 2026
राम नवमी और नवरात्रि समापन : 27 मार्च 2026 (शुक्रवार)
ज्योतिषीय गणना के अनुसार प्रतिपदा तिथि 19 मार्च की सुबह 6:52 बजे से प्रारंभ होकर 20 मार्च की सुबह 4:52 बजे तक रहेगी।
read more Raigarh News : घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
19 मार्च को कलश स्थापना के लिए दो शुभ मुहूर्त बताए गए हैं।
सुबह का श्रेष्ठ मुहूर्त : 06:30 बजे से 07:43 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त : 11:40 बजे से 12:30 बजे तक
यदि श्रद्धालु सुबह के मुहूर्त में पूजा नहीं कर पाते हैं तो अभिजीत मुहूर्त में भी घटस्थापना की जा सकती है।
घटस्थापना की पूजा विधि
नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना को सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान माना जाता है। इसके लिए सुबह स्नान कर स्वच्छ या लाल वस्त्र धारण करें और पूजा स्थल को साफ कर मां दुर्गा की चौकी सजाएं।
सबसे पहले एक मिट्टी के पात्र में साफ मिट्टी भरकर उसमें जौ बोएं और उसे माता की चौकी के पास रखें। इसके बाद तांबे या मिट्टी के कलश में शुद्ध जल भरें और उसमें गंगाजल, सुपारी, सिक्का, अक्षत और दूर्वा डालें।
कलश के ऊपर आम के पांच या सात पत्ते रखें और एक नारियल को लाल कपड़े या चुनरी में लपेटकर मौली से बांधते हुए कलश पर स्थापित करें। कलश पर रोली से स्वास्तिक बनाकर धूप-दीप जलाएं और मां दुर्गा का आह्वान करें। श्रद्धालु सामर्थ्य के अनुसार नौ दिनों तक अखंड ज्योति भी प्रज्वलित करते हैं।
मंदिरों और बाजारों में बढ़ी रौनक
चैत्र नवरात्रि को लेकर मुजफ्फरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के देवी मंदिरों में साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया है। मंदिर प्रबंधन नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।
इधर बाजारों में भी नवरात्रि की रौनक दिखाई देने लगी है। सरैयागंज, कंपनीबाग, कल्याणी चौक और मोतीझील क्षेत्र की दुकानों में पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल, कलश और श्रृंगार की वस्तुओं की खरीदारी शुरू हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्रि नजदीक आते ही बाजार में और भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
Chaitra Navratri 2026नवरात्रि के आठवें दिन 26 मार्च को महाष्टमी के अवसर पर कन्या पूजन किया जाएगा। श्रद्धालु नौ कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अगले दिन 27 मार्च को राम नवमी के साथ चैत्र नवरात्रि का समापन होगा।

