CGPSC Prelims Exam: छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा एडमिट कार्ड जारी, ड्रेस कोड से लेकर एंट्री टाइम तक सख्ती, जानें गाइडलाइन…

CGPSC Prelims Exam: छत्तीसगढ़ में राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा प्रदेश के सभी 33 जिलों में निर्धारित केंद्रों पर होगी।
एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही आयोग ने विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। ड्रेस कोड से लेकर परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं तक, हर नियम स्पष्ट कर दिया गया है।
ड्रेस कोड: हल्के रंग के कपड़े अनिवार्य
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों को हल्के रंग के और आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
कार्गो पैंट या डिजाइनर परिधान की अनुमति नहीं होगी, जबकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहन सकते हैं।
महिलाओं के लिए विशेष निर्देश
महिला अभ्यर्थी आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं। किसी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं है। विवाहित महिलाएं केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहन सकती हैं।
जूते-चप्पल पर भी नियम
मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते प्रतिबंधित रहेंगे। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही प्रवेश मिलेगा।
सीमित सामग्री ले जाने की अनुमति
अभ्यर्थी केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार या ई-आधार) और काले या नीले रंग का बॉल पेन साथ ले जा सकते हैं।
यदि प्रवेश पत्र की फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
घड़ी, स्मार्टवॉच, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल या किसी भी संचार उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाना सख्त मना है। परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए प्रावधान
जिन अभ्यर्थियों को सहलेखक की अनुमति है, उन्हें संबंधित जिला कार्यालय का स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा। सहलेखक पर भी सभी नियम लागू होंगे।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य
प्रत्येक सत्र के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
238 पदों के लिए भर्ती
आयोग ने 26 फरवरी 2025 को 238 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक आमंत्रित किए गए थे।
CGPSC Prelims Examयह परीक्षा प्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।



