CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री, अगले 5 दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट

CG Weather Today छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है।मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले 48 घंटों में इसके अन्य इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: FSSAI Notice: FSSAI का बड़ा एक्शन, बिकानेरवाला समेत 14 कंपनियों को भेजा नोटिस, जानें पूरा मामला
मध्य छत्तीसगढ़ में अभी भी गर्मी का असर
मानसून की दस्तक के बावजूद मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।
इसके चलते कुछ जगहों पर गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बलौदाबाजार में झमाझम बारिश से मिली राहत
बलौदाबाजार जिले में दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिली।
कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया और यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और किसानों के चेहरे खिल उठे।
धमतरी में हुई मानसून की पहली बारिश
धमतरी जिले में मानसून की पहली बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
ग्रामीण इलाकों में किसानों ने बारिश का स्वागत किया और इसे खरीफ फसलों के लिए शुभ संकेत बताया।
जगदलपुर में हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। जगदलपुर में 45 मिमी बारिश भी दर्ज की गई, जिससे बस्तर संभाग में मौसम पूरी तरह बदल गया।
अगले 24 से 48 घंटे रहेंगे अहम
CG Weather Todayमौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे में मानसून प्रदेश के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
आने वाले दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ किसानों को भी खरीफ सीजन के लिए फायदा मिलने की उम्मीद है।



