CG Weather: छत्तीसगढ़ में 48 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड, इन जिलों में बारिश के साथ घने कोहरे का अलर्ट

CG Weather छत्तीसगढ़ में तेज ठंड के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले 2 दिनों में 2-3 डिग्री तापमान बढ़ सकता है। वहीं इसके बाद फिर से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में ट्रफ बना हुआ है, जिसका असर आगामी दिनों में प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं अगले दो दिनों के बाद भी इसी तरह के हालात बने रह सकते हैं। इसके साथ ही एक-दो पॉकेट में घना कोहरा छाने की भी आशंका है।
रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान में बताया गया है कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
सबसे गर्म दुर्ग
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। राजधानी में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 0.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। दिनभर आसमान साफ रहा और हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- Chhattisgarh latest news: बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से मिली जमानत…
प्रमुख शहरों के तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री, बिलासपुर में 27.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 26.4 डिग्री, जगदलपुर में 28.9 डिग्री और राजनांदगांव में 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, बिलासपुर में 10.8 डिग्री और पेंड्रारोड में 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
CG Weatherमौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद आगामी 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है।



