Cg News Today: मुख्यमंत्री ने किया गौधाम योजना का शुभारंभ – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Cg News Today: मुख्यमंत्री ने किया गौधाम योजना का शुभारंभ

Cg News Today:   उत्तर बस्तर कांकेर, 14 मार्च 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जिला बिलासपुर के तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम लाखासार से गौधाम योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कांकेर के कृषि विज्ञान केन्द्र में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के जिला स्तरीय समिति कांकेर के अध्यक्ष श्री सोनसाय साहू थे। उन्होने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना गौ-सेवा के क्षेत्र में कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजना है, इससे हम घुमंतु पशुओं का संरक्षण और संवर्धन कर करते हैं। गौधाम का संचालन पंजीकृत एनजीओ एवं स्व-सहायता समुहों के माध्यम से किया जा सकता है, इसके लिए गांव में उपलब्ध गौठान जो सर्वसुविधायुक्त जैसे- बिजली, पानी, फेंसिंग, पर्याप्त जगह इत्यादि हो, में किया जा सकता है। गौधाम के संचालन के लिए सेवाभावी होना बहुत जरूरी है, सरकार अनुदान के रूप में मदद दे सकती है, लेकिन सेवाभावी होने से ही हम गौधन की बेहतर सेवा कर सकते हैं। गौधाम संचालन के लिए पंजीकृत स्व-सहायता समूह एवं एनजीओ आवेदन कर सकते हैं। श्रीमती निर्मला नेताम एवं प्रदीप साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. सत्यम मित्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि इस योजना के तहत गौधाम संचालन के लिए 08 अक्टूबर 2025 तक रूचि की अभिव्यक्ति का विज्ञापन जारी कर गौधाम संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें 33 आवेदन कार्यालय को प्राप्त हुए थे, जो अपूर्ण होने के कारण सभी आवेदनों को निरस्त किया गया। तत्पश्चात दूसरी बार पुनः 26 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक गौधाम संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया था, जिसमें 01 आवेदन प्राप्त हुए है, जो प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने बताया कि जिले के आधारभूत संरचना वाले 15 गौठानों का चयन गौधाम के लिए किया गया है। इस योजना के तहत गौधाम में चरवाहा की व्यवस्था होगी, जिसे प्रतिमाह 10 हजार रूपए मानदेय प्रदान किया जाएगा। पशुओं की देखरेख व चिकित्सा के लिए गौसेवक, मैत्री, प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता में से किसी एक की नियुक्ति किया जाकर उन्हें प्रतिमाह 13 हजार रूपए का मानदेय दिया जाएगा। गौधाम योजना के शुभारंभ अवसर पर श्री अखिलेश चन्द्रौल, राजा साहू, पशुधन विभाग से डॉ. शालिकराम चन्द्राकर, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बिरबल साहू सहित पशुपालक कृषक, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी व एनजीओ के सदस्यगण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button