Cg News: CM ने अयोध्या जाने कांग्रेसियों को भी दिया न्योता

Cg News मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित छत्तीसगढ़ की पूरी कैबिनेट जल्द ही अयोध्या में होगी। सभी वहां भगवान रामलला के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इसे लेकर CM विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेताओं को भी न्योता दिया है। साथ ही भाजपा ने आम लोगों की सुविधा के लिए केंद्र से डायरेक्ट फ्लाइट की भी मांग की है।
CM विष्णुदेव साय ने मंगलवार को कहा कि वे मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ वासियों के लिए रामलला दर्शन योजना चला रही है। जो भी श्रद्धालु हैं, राम भक्त हैं, उनके लिए यह योजना है। सरकारी खर्च पर उन्हें अयोध्या ले जाया जाएगा।
केंद्र से फ्लाइट की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रायपुर से अयोध्या हवाई सेवा की शुरू करने को लेकर केंद्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र दिया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि है। इस कारण हम सभी भगवान श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं।
Read more: Raigarh News: गर्मी के दिनों में रायगढ़ नगर निगम की वाटर एटीएम बंद,पानी के लिए भटक रहे राहगीर
श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की भव्य और दिव्य प्राण प्रतिष्ठा से प्रधानमंत्री के प्रति प्रदेश में समर्थन और विश्वास में कई गुना वृद्धि हुई है। किरणदेव ने कहा कि अब श्री रामलला के दर्शन की योजना भी शुरू हो चुकी है।
रायपुर से अयोध्या के लिए सीधी उड़ान नहीं होने से श्रद्धालुओं को हवाई जहाज से यात्रा करने में काफी परेशानी हो रही है। रायपुर से अयोध्या को सीधे हवाई सेवा से जोड़ने से यात्रियों और श्रद्धालुओं के समय और पैसे की बचत के साथ भगवान श्रीराम के मंदिर दर्शन करने में भी सुविधा होगी।
अभी क्या है अयोध्या जाने के विकल्प
रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली की 6, मुंबई, कोलकाता की 3-3, बेंगलुरु, हैदराबाद की 2-2, इंदौर, चेन्नई, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, लखनऊ के लिए 1-1 फ्लाइट चलती है। अयोध्या जाने के लिए दिल्ली या लखनऊ तक सफर करना पड़ता है। कुछ ऐसा ही ट्रेन के साथ है। कई बार ट्रेन में टिकट न मिलने, ट्रेन रद्द होने की समस्या हो रही है।
सरकारी योजना से अयोध्या जाने के लिए क्या करें
Cg News छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना जरूरी।
18 से 75 आयु वर्ग के लोग जो जिला मेडिकल बोर्ड के स्वास्थ्य परीक्षण में सक्षम पाए जाएंगे, उन्हें यात्रा की पात्रता होगी।
दिव्यांगजन के लिए यथा संभव उनके परिवार से कोई एक सदस्य साथ में रहेंगे।
इसके लिए हर जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में श्री रामलला दर्शन समिति बनाई जाएगी। समिति अनुपातिक कोटा के अनुसार हितग्राहियों का चयन करेगी।
यात्रा की दूरी करीब 900 किलोमीटर होगी। इसके लिए भारतीय रेलवे कैटरिंग एवं टूरिज्म कार्पोरेशन (IRCTC) के साथ छत्तीसगढ़ मंडल का MoU है।
IRCTC ही यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्थलों के दर्शन, स्थानीय परिवहन और एस्कॉर्ट की व्यवस्था करेगा।
हितग्राहियों को उनके निवास से निर्धारित रेलवे स्टेशन तक लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था संबंधित जिला कलेक्टर करेंगे। इसके लिए उन्हें बजट उपलब्ध कराया गया है।
यात्री दुर्ग, रायपुर, रायगढ़ और अंबिकापुर से ट्रेन के जरिए रवाना किए जाएंगे।