Cg News: सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें

Cg News: कोण्डागांव, 07 जुलाई 2026/
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा कृषि केन्द्रों में सतत निरीक्षण एवं निगरानी के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए बाढ़ प्रबंधन एवं आपदा से बचाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक खाद्यान्न सामग्री की उपलब्धता, राहत व्यवस्था तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नए शैक्षणिक सत्र के सुचारू संचालन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, अपार आईडी निर्माण तथा विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने चयनित ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण की समुचित व्यवस्था विकसित करने तथा नगरीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कचरा पृथक्करण के बाद ही संग्रहण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके गांवों में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से नल-जल योजनाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिले में स्वीकृत अटल डिजिटल सेवा केन्द्रों के भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नवनिर्मित केन्द्रों का शीघ्र संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की नई पहल सेवा सेतु के अंतर्गत सभी नागरिक सेवाएं इन केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध कराएं, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधाओं सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
कलेक्टर ने जिले के आश्रम-छात्रावासों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से परीक्षण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों की सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने के लिए सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

