CG Current News: छत्तीसगढ़ में ड्रग्स तस्करी पर बड़ा एक्शन, 2 करोड़ से अधिक अफीम पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

CG Current News छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोडा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पिकअप से भारी मात्रा में डोडा (अफीम पोस्त) पकड़ा है। साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कीमत 2 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक HR46 F 4848 को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1432 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान हरविंदर सिंह (40 वर्ष) और सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हरियाणा के करनाल जिले के शांति नगर के रहने वाले हैं।
CG Current Newsपूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के मुलमुला क्षेत्र से डोडा पोस्त लोड कर ओडिशा होते हुए रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, जब्त डोडा पोस्त की कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।



