CG Board Result 2026: 10वीं-12वीं के रिजल्ट का इंतजार खत्म, इस तारीख तक आ सकते हैं नतीजे

CG Board Result 2026:छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। माध्यमिक शिक्षा मंडल जल्द ही दोनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी कर सकता है। जानकारी के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और अब रिजल्ट तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में संभावना है कि नतीजे इसी महीने के आखिरी तक या फिर 1 मई को घोषित किए जा सकते हैं।
हालांकि, बोर्ड की ओर से अभी तक रिजल्ट की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। बता दें कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस दौरान 12वीं के हिंदी पेपर के लीक होने की घटना सामने आई थी, जिसके चलते उस विषय की परीक्षा दोबारा करानी पड़ी थी। अब सभी कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और रिजल्ट जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
दरअसल, इस बार शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार कराने का फैसला लिया गया है। ऐसे में शिक्षा मंडल पर समय पर परिणाम जारी करने का दबाव भी देखा जा रहा है। जून में दूसरी बोर्ड परीक्षा प्रस्तावित है, इसलिए पहले चरण का रिजल्ट समय पर घोषित करना जरूरी हो गया है, ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई और अगली परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
CG Board Result 2026:शिक्षा मंडल ने 30 अप्रैल तक परिणाम जारी करने की कोशिश की बात कही है। अगर रिजल्ट में देरी होती है तो इसका असर NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर पड़ सकता है। साथ ही, करियर से जुड़े जरूरी फैसले लेने में भी छात्रों को परेशानी हो सकती है।


