Burning Train: एक्सप्रेस ट्रेन में लगी भीषण आग, कोच जलकर राख! स्टेशन पर मची अफरातफरी

Burning Train बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया. स्टेशन पर खड़ी जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया और बोगी जलकर पूरी तरह राख हो गई. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोच खाली था, जिससे किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है.
सुबह करीब 3:50 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 3:50 बजे की है. स्टेशन पर खड़ी गाड़ी संख्या 22563 के बोगी संख्या 154788 में आग लग गई. बोगी से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. आग लगते ही रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
पूरी बोगी जलकर हुई खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा कोच जलकर राख हो गया. रेलवे प्रशासन ने आसपास की बोगियों को तुरंत अलग कराया ताकि आग दूसरे डिब्बों तक न फैल सके.
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. रेलवे की तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
Burning Trainहाल के महीनों में ट्रेनों में आग और धुएं की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठने लगे हैं. इससे पहले भी विभिन्न ट्रेनों में ब्रेक बाइंडिंग, इलेक्ट्रिकल फॉल्ट और एसी डक्ट में खराबी की वजह से आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं.



