BCCI का बड़ा फैसला, WI सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़ेंगे ये 2 प्लेयर – RGH NEWS
खेल

BCCI का बड़ा फैसला, WI सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़ेंगे ये 2 प्लेयर

ऑलराउंडर शाहरुख खान और उनके तमिलनाडु टीममेट आर साई किशोर को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी छह मैचों के लिए स्टैंड-बाय खिलाड़ियों के रूप में भारतीय टीम में शामिल किया गया है. शाहरुख और साई किशोर दोनों ने तमिलनाडु के विजयी अभियान में एक बड़ी भूमिका निभाई है. कोविड-19 के दौर में एहतियाती कदम उठाते हुए बीसीसीआई ने यह फैसला किया है.

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी से कहा, ‘हां, शाहरुख और साई किशोर को विंडीज सीरीज के लिए स्टैंड बाई के तौर पर बुलाया गया है. वे टीम के मुख्य खिलाड़ियों के साथ बबल में प्रवेश करेंगे.’

सीमित ओवरों के सीरीज की शुरुआत 6 फरवरी को अहमदाबाद में एकदिवसीय मैच के साथ होगी. इसके बाद बाकी दो एकदिवसीय मैचों का आयोजन भी इसी मैदान पर होगा. फिर कोलकाता में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे.

घरेलू क्रिकेट में मचा चुके हैं धमाल

स्पिनर साई किशोर दूसरी बार टीम इंडिया के साथ जुड़ने जा रहे हैं. पिछले साल राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में श्रीलंका के दौरे के दौरान भी नेट गेंदबाजों के समूह का हिस्सा रह चुके हैं. शाहरुख इस सीजन घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के चलते मुख्य टीम में भी जगह बनाने के दावेदार थे.

शाहरुख ने कर्नाटक के खिलाफ मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में आखिरी बॉल पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई थी. इसी तरह विजय हजारे ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने 39 गेंदों में 79 रन बनाए और हिमाचल प्रदेश खिलाफ फाइनल में भी 42 रनों का योगदान दिया था.

मुख्य कोच द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा उन खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके देंगे, जो पहले से फिनिशर रोल के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. सीजन की प्रगति के साथ ही खिलाड़ी के आराम करने की स्थिति में शाहरुख खान को मौका मिल सकता है.साई किशोर के लिए भी ऐसी ही स्थिति है, जो सेट-अप में कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल के साथ बतौर नेट गेंदबाज के रूप में शामिल होंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button