Amarnath cave: अमरनाथ गुफा के करीब बादल फटने से अब तक 13 श्रद्धालुओं की मौत

Amarnath cave cloud burst: जम्मू कश्मीर में बाबा अमरनाथ की गुफा के पास बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ है. हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. घटना शाम 5.30 बजे की बताई जा रही है और इस हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है. अब मौके पर राहत-बचाव का काम चल रहा है और कई एजेंसियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर जानकारी दी है कि मौके पर राहत का काम जारी है और उन्होंने उपराज्यपाल को फोन कर घटना की जानकारी ली है.
पानी और मलबे में बहे टेंट
जानकारी के मुताबिक बादल फटने की घटना के बाद फिलहाल यात्रा रोक दी गई है और इस हादसे से बड़ी संख्या में टेंट को नुकसान हुआ है. हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ITBP की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और हादसे में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. बादल फटने के बाद आस-पास का पूरा इलाका पानी में डूब चुका है और हादसे में घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने जी न्यूज को बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक रात को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा.