Air India Travel Advisory: भारी बारिश का कहर, Air India ने यात्रियों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

Air India Travel Advisory एयर इंडिया ने मुंबई और दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर लें। एयर इंडिया ने कहा है कि मुंबई में खराब मौसम की वजह से दिल्ली और मुंबई में फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ सकता है। बताते चलें कि मुंबई में मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव है और शहर में कई दिनों से भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल रही है। हालांकि, मुंबई की स्थिति ज्यादा खराब है।
IMD ने मुंबई के लिए जारी किया रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई क्षेत्र के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार को कहा था कि बारिश की गतिविधि अगले 24 घंटों तक जारी रहने की उम्मीद है, जिससे शहर के निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम का खतरा बढ़ सकता है।
दिल्ली में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार
IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। बारिश की गतिविधि काफी व्यापक होने की उम्मीद है, जो शहर के ज्यादातर हिस्सों को कवर करेगी। आंधी के दौरान, हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने की उम्मीद है और कुछ इलाकों में हवा के झोंके 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।
रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट की 15 फ्लाइट्स डायवर्ट
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण 15 फ्लाइट्स (जिनमें 10 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शामिल हैं) को जयपुर और लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
मॉनसून में प्रभावित रहते हैं देश के दो सबसे बड़े एयरपोर्ट
Air India Travel Advisoryबताते चलें कि दिल्ली और मुंबई देश के दो सबसे प्रमुख एयरपोर्ट हैं, जहां मॉनसून के महीनों के दौरान मौसम से जुड़ी रुकावटें जैसे- देरी, डायवर्जन और गेट में बदलाव होना आम बात है। एयरलाइंस आमतौर पर एहतियाती उपाय के तौर पर ऐसी सलाह जारी करती हैं ताकि यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट के समय की पुष्टि कर सकें।



