Air India Express Flight: फिर बढ़ी हवाई यात्रीयो की परेशानी,एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रद्द की 70 से ज्यादा उड़ानें
Air India Express Flight : मुंबई/ नई दिल्ली। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को चालक दल के सदस्यों की कमी के कारण लगभग 75 उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी को रविवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एयरलाइन में कथित कुप्रबंधन और कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में चालक दल के सदस्यों के एक समूह ने हड़ताल की थी। हालांकि उन्होंने मंगलवार रात हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी थी। इसके साथ, एयरलाइन प्रबंधन ने भी चालक दल के 25 सदस्यों की बर्खास्तगी का पत्र वापस ले लिया। हड़ताल के कारण टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन को मंगलवार रात से ही करीब 250 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा कि उड़ानें रद्द होने और यात्रियों को क्षतिपूर्ति के कारण लगभग 30 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य न होने से शुक्रवार को भी करीब 75 उड़ानें रद्द की गई हैं। हालांकि यह संख्या बृहस्पतिवार को रद्द की गई उड़ानों की संख्या से कम है। अधिकारी ने कहा कि शनिवार को भी 45-50 उड़ानें रद्द होने की आशंका है।एयरलाइन ने गुरूवार को दोपहर को कहा कि उसने 85 उड़ानें या कुल दैनिक क्षमता का लगभग 23 प्रतिशत रद्द कर दिया है।
बता दें कि टाटा समूह की एयरलाइन प्रतिदिन लगभग 380 उड़ानें संचालित करती है। हड़ताल के मद्देनजर व्यवधानों को कम करने के प्रयासों के तहत परिचालन में कटौती की गयी। मंगलवार रात से, एयरलाइन ने 260 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन औसतन प्रतिदिन 120 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 260 घरेलू सेवाएं संचालित करती है।
Air India Express Flight एक अन्य अधिकारी ने कहा कि अगले दो दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। चालक दल के जो सदस्य हड़ताल पर थे, वे अब काम पर लौट रहे हैं। एयरलाइन उन्हें ‘फिटनेस’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने में मदद दे रही है। अधिकारियों ने कहा कि परिचालन सेवा धीरे-धीरे बहाल हो रही है और स्थिति रविवार तक सामान्य होने की उम्मीद है।



