एक्सीडेंट के बाद महिला ने बाइक सवार युवक को जूती से पीटा, दी भद्दी-भद्दी गालियां
जबलपुर : दोपहिया वाहनों में हुई मामूली टक्कर के बाद एक महिला ने उग्र रूप धारण कर लिया। उसने सरेआम एक युवक को जूती से पीटा, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया गया है। घटना रसल चौक की बताई जा रही है। वीडियो के संबंध में कहा जा रहा है कि महिला मोपेड पर पर सवार होकर कहीं जा रही थी। तभी विपरीत दिशा से पहुंची मोटरसाइकिल से उसे मामूली टक्कर हो गई।
हादसे के बाद महिला आग बबूला हो उठी और अभद्रता करते हुए युवक के साथ मारपीट करने लगे। उसने मोटरसाइकिल सवार युवक को सरेआम जूती से पीटा। घटनास्थल पर कुछ देर के लिए आवागमन ठप हो गया था। लोगों ने महिला और युवक को हटाने का प्रयास किया परंतु महिला गुस्से से आगबबूला होकर युवक को भला बुरा कहते हुए पीटती रही।
ओमती थाना में एफआइआर दर्ज
इधर ओमती थाना प्रभारी एसपीएस बघेल ने बताया की बीच सड़क युवक पर जूती बरसाने वाली महिला के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आज 15 अप्रैल को दिलीप विश्वकर्मा 25 साल निवासी ग्राम बिछुआ थाना चरगवां ने घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई। दिलीप स्विगी कंपनी में डिलीवरी बाय है। 14 अप्रैल को जबलपुर हास्पिटल के पास दोपहर करीब 2:30 बजे पिज्जा हट में डिलीवरी लेने जा रहा था।
तभी सामने से एक मोपेड एमपी 20 एस वाय 1282 में बैठी महिला सामने से आ गई। जो अपनी मोपेड नहीं संभाल पाई और नीचे गिर गई। जिसके बाद नाराज होकर महिला अभद्रता कर जूती से मारपीट करने लगी। उसे मोटरसाइकिल से उतरकर कहीं जाने भी नहीं दे रही थी। रिपोर्ट पर थाना ओमती में धारा 341, 294, 323, 355 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। महिला की तलाश की जा रही है।



