Paytm ऐप नहीं कर पाएंगे डाउनलोड, गूगल प्ले स्टोर से हटाया…नियमों के उल्लंघन का आरोप…आपके पेटीएम का अब क्या होगा…

नई दिल्ली. Google ने शुक्रवार को Google Play स्टोर से पेटीएम ऐप को हटा दिया है. इस पर Google ने कहा है कि वह किसी भी गैंबलिंग (जुआ खेलने वाले) ऐप का समर्थन नहीं करता है. जुए से जुड़ी उसकी नीतियों का उल्लंघन करने के कारण पेटीएम पर यह कार्रवाई की गई है. Paytm और UPI ऐप One97 Communication Ltd. द्वारा डेवलप किया गया है. इस ऐप को Google Play Store पर सर्च करने पर ये अब नहीं दिख रहा है. हालांकि, पहले से Android स्मार्टफोन्स में इंस्टॉल्ड हुआ ऐप काम कर रहा है. Paytm पेमेंट ऐप के अलावा कंपनी के अन्य ऐप्स- Paytm for business, Paytm money, Paytm mall आदि Google Play Store पर अभी भी उपलब्ध हैं.
कंपनी पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं. पेटीएम की तरफ से एक ट्वीट कर बताया गया है कि प्लेस्टोर पर फिलहाल यह ऐप कुछ वक्त के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा. पेटीएम का Paytm First Games ऐप भी प्लेस्टोर से हटा दिया गया है.पेटीएम ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर लिखा, ‘डियर पेटीएमर्स, पेटीएम एंड्रॉयड ऐप नए डाउनलोड और अपडेट्स के लिए उपलब्ध नहीं है. हम जल्द ही वापस आएंगे. आपका पूरा पैसा सुरक्षित है और आप पेटीएम सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर पाएंगे.’
इसी बीच गूगल ने अपनी गैंबलिंग पॉलिसी को लेकर एक बयान जारी किया है. कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि ‘हम ऑनलाइन कसीनो या फिर किसी भी तरह के अनियमित गैंबलिंग ऐप जो स्पोर्ट्स में सट्टा लगाने की सुविधा देते हैं, को प्लेटफॉर्म पर रहने की अनुमति नहीं देते हैं. इसमें ऐसे ऐप्स भी शामिल हैं, जो उपभोक्ताओं को ऐसी बाहरी वेबसाइटों पर ले जाते हैं, जो उन्हें किसी पेड टूर्नामेंट में नकद पैसे या फिर कैश प्राइज़ जीतने के लिए भाग लेने को कहती हैं. यह हमारी पॉलिसीज़ का उल्लंघन है.’