24 घंटे में कश्मीर में चार आतंकवादी ढेर

Baramulla encounter: पिछले 24 घंटों में उत्तर कश्मीर के दो जिलों में दो अलग-अलग आतंकवाद विरोधी अभियानों यानी एनकाउंटर में चार आतंकवादी मारे गए हैं. इस बीच जम्मू कश्मीर की पुलिस (Jammu Kashmir Police) ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के पट्टन के क्रेरी इलाके में 5 घंटे तक चली मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है. इस कामयाबी को लेकर कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट किया था कि बारामूला में हालिया कामयाबी के बाद भी पुलिस और सुरक्षाबलों का साझा ऑपरेशन जारी है.
अधिकारियों के मुताबिक पुलिस और सेना की टीम ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद क्रीरी गांव में रात में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था. जैसे ही सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की ओर बढ़ी, छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी इसके बाद उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया गया.
एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने ऑपरेशन का अपडेट देते हुए कहा, ‘दो आतंकवादी मारे गये हैं. आतंकवादियों के पास से 1 एके 47 राइफल और एक पिस्तौल सहित आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है. मारे गए गुर्गे प्रतिबंधित टेरर ऑर्गेनाइजेशन लश्कर के स्थानीय आतंकवादी हैं. जिनकी पहचान दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के शाकिर मजीद नजर और हनान अहमद के रूपमें हुई है. दोनों मार्च 2023 में आतंकी संगठन में शामिल हुए थे. मामले में आगे की जांच जारी है.’
read more JK में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, 3 जबान थे सवार….
पिछले 24 घंटों में उत्तरी कश्मीर में यह दूसरी मुठभेड़ है इससे पहले कल सुबह कुपवाड़ा के सीमावर्तीजिले के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो घुसपैठियों को मार गिराया गया था. उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है, एलओसी पर सर्च ऑपरेशन भी लगातार जारी है.
जी-20 की बैठक रोकने की साजिश
Baramulla encounter: श्रीनगर में 22 से 24 मई तक जी-20 सम्मेलन हो रहा है. पांच अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के पारित होने के बाद प्रदेश में यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है. पाकिस्तानी खर्चे पर पलने वाले आतंकवादी संगठन इस दौरान जम्मू-कश्मीर में हमला कर सकते हैं. आशंका है कि आतंकी आइईडी युक्त वाहन, ग्रेनेड, स्टिकी बम या बारूदी सुरंग के जरिए बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं. या फिर ये आतंकवादी किसी जगह सुरक्षाबलों पर फायरिंग व आम लोगों को भी निशाना बना सकते हैं. ऐसे में पुंछ में हुए हमले के बाद, जिसमें 5 सैनिकों के शहीद होने के बाद से नियंत्रण रेखा से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक हर जगह रेडअलर्ट घोषित करने के बाद चप्पे चप्पे पर अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. ऐसे में अब नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा दोनों जगह गश्त बढ़ा दी गई है.



