शराब से भरा ट्रक पलटा तो बोतल लूटने पहुंच गए गांव वालों ,पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी.

कवर्धा. कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन के बीच लोग अपने घरों में कैद हैं. संक्रमण के डर से बाहर निकलना कम हो गया है. छत्तीसगढ़ में तो कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए कई जगह फिर से लॉकडाउन भी लगा दिया गया है. ऐसे में जब कहीं मुफ्त की शराब मिलने की खबर मिले, तो लोगों का धैर्य जवाब दे ही जाता है. छत्तीसगढ़ के कवर्धा में आज कुछ ऐसा ही हुआ. यहां शराब से भरा एक ट्रक पलट गया, जब तक पुलिस आती, स्थानीय लोग शराब लूटने दौड़ पड़े. भीड़ ऐसी टूटी कि पुलिस को इसे तितर-बितर करने के लिए लाठियां तक भांजनी पड़ गई.
जी हां, यह माजरा कवर्धा के रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे का है, जहां अचानक टायर फटने की वजह से शराब से भरा एक ट्रक आज पलट गया. हादसे में ट्रक ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद उसे इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बीच बताया गया कि ट्रक में 250 पेटी शराब लोड थी. हाईवे पर ट्रक के पलटने के बाद शराब की पेटियां सड़क पर छितरा गईं. इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के गांव के लोगों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई.



