Amarnath cave: अमरनाथ गुफा के करीब बादल फटने से बड़ा हादसा, 5 श्रद्धालुओं की मौत

Amarnath cave cloud burst: जम्मू कश्मीर में बाबा अमरनाथ की गुफा के पास बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ है. हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. घटना शाम 5.30 बजे की बताई जा रही है और इस हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था. अब मौके पर राहत और बचाव का काम चल रहा है और कई एजेंसियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक बादल फटने की घटना के बाद फिलहाल यात्रा रोक दी गई है और इस हादसे से बड़ी संख्या में टेंट को नुकसान हुआ है. हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ITBP की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और हादसे में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. बादल फटने के बाद आस-पास का पूरा इलाका पानी में डूब चुका है और हादसे में घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
अमरनाथ गुफा से दो KM दूर बादल फटा, रोकी गई यात्रा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी#Amarnath #cloudburst #AmarnathYatra @preetiddahiya @manishmedia pic.twitter.com/15qA7yKxW9
— Zee News (@ZeeNews) July 8, 2022
पहाड़ों में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला है जिसके बाद हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बादल फटने की घटनाएं हो चुकी हैं. साथ ही कुछ इलाके में भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित है. गुफा के ऊपरी हिस्सा में बादल फटने के बाद पहाड़ों से पानी और मलबा नीचे बहकर आया था जिसकी चपेट में वहां लगे टेंट आ गए थे. साथ ही कुछ यात्री भी पानी के बहाव में बह गए हैं.
दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रवाना
बीते दिन ही कड़ी सुरक्षा के बीच 5 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों का एक जत्था दक्षिण कश्मीर स्थित 3,880 मीटर ऊंचाई पर बनी पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ था.सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच 242 वाहनों में कुल 5,726 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए थे जिनमें 4,384 पुरुष, 1,117 महिलाएं, 57 बच्चे, 143 साधु, 24 साध्वी और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं.