देश

PM Modi on 6G: 5G के बाद अब 6G की तैयारी

PM Modi on 6G: 5G सर्व‍िस के बाद अब देश में 6G सर्व‍िस शुरू करने की तैयारी हो रही है. पीएम मोदी ने मंगलवार को कहा कि इस दशक के अंत तक देश में 6G सर्व‍िस शुरू हो पाए, इसके लिए सरकार की तरफ से कोशिशें शुरू हो गई हैं. फ‍िलहाल देश में 3जी और 4जी (3G & 4G) सर्व‍िस उपलब्ध है. आने वाले कुछ महीनों में 5G सर्व‍िस शुरू करने की तैयारी है.

देश की प्रगति और रोजगार को गति मिलेगी

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के 25 साल पूरे होने पर वीडियो कांफ्रेंस के जर‍िये संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 15 साल में 5G से देश की इकोनॉमी 450 में अरब डॉलर का योगदान होने वाला है. इससे देश की प्रगति और रोजगार को गति मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा क‍ि 21वीं सदी में संपर्क यानी कनेक्टिविटी, देश की प्रगति की गति को निर्धारित करेगी.

एक डाक टिकट भी जारी किया

पीएम मोदी ने इस मौके पर एक डाक टिकट भी जारी किया और आईआईटी मद्रास के नेतृत्व में कुल 8 संस्थानों की तरफ से बहु-संस्थान सहयोगी परियोजना के रूप में विकसित 5G टेस्ट बेड की भी शुरुआत की. इस परियोजना से जुड़े शोधार्थियों और संस्थानों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘मुझे देश को अपना, खुद से निर्मित 5G टेस्ट बेड राष्ट्र को समर्पित करने का अवसर मिला है. ये दूरसंचार क्षेत्र में क्रिटिकल और आधुनिक टेक्नॉलॉजी की आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक अहम कदम है.’

उन्होंने कहा, ’21वीं सदी के भारत में कनेक्टिविटी, देश की प्रगति की गति को निर्धारित करेगी. इसलिए हर स्तर पर कनेक्टिविटी को आधुनिक बनाना ही होगा.’ पीएम ने कहा कि 5G टेक्‍नोलॉजी से बहुत से बदलाव होने वाले हैं. इससे खेती, स्वास्थ्य और शिक्षा हर क्षेत्र में प्रगति होगी. उन्होंने कहा, ‘इस दशक के अंत तक 6G सर्व‍िस शुरू हो सके इसके ल‍िए एक टीम ने काम करना शुरू कर द‍िया है.’

ख़बर शेयर करें:

Back to top button