केंद्रीय गृह मंत्रालय की एजेंसी बीपीआरएंडडी ने देश भर के स्मार्ट पुलिसिंग की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों में छत्तीसगढ़ पुलिस के "निजात" अभियान को किया शामिल – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

केंद्रीय गृह मंत्रालय की एजेंसी बीपीआरएंडडी ने देश भर के स्मार्ट पुलिसिंग की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों में छत्तीसगढ़ पुलिस के “निजात” अभियान को किया शामिल

पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआर एंड डी), गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने देश भर के विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं अन्य पुलिस संगठनों द्वारा नवाचार कर किए जा रहे अच्छे कार्यों पर एक किताब “स्मार्ट पुलिसिंग की उत्तम कार्यप्रणालियां (Best Practices on Smart Policing)” प्रकाशित किया है।

इसमें देश भर के पुलिस संगठनों के उल्लेखनीय कार्यों के कुल तीस उत्तम कार्य शामिल किए गए है। जिसमें छत्तीसगढ़ के कोरिया पुलिस के निजात अभियान पर विस्तृत आलेख (पेज 81- 90) प्रकाशित हुआ है। उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ कार्यवाहियां तेज कर दी है। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक कोरिया, संतोष सिंह द्वारा ड्रग्स, नारकोटिक्स व अवैध नशे के खिलाफ कार्यवाही और जागरुकता अभियान, “निजात” की शुरुआत किया गया था, जो इस लड़ाई में कारगर अभियान साबित हुआ। इसने अवैध नशे के सौदागरों में दहशत पैदा किया है, साथ ही व्यापक जनजागरूकता व नशे के आदी युवाओं की काउंसलिंग आदि में मदद कर बड़ी संख्या में लोगों विशेषकर युवाओं को नशे से दूर करने में सफल हुआ है। वर्तमान में राजनादगांव पुलिस द्वारा भी यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय द्वारा भी राज्य के अन्य जिलों को कोरिया/राजनांदगांव पुलिस के निजात अभियान के अनुरूप कार्यवाही करने हेतु लिखा गया है।

इस प्रकाशित किताब में इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा नक्सलवाद के इतिहास व विविध पहलुओं, और इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम डायल 112 की जानकारी संबंधित लेख भी शामिल है। इस किताब का विमोचन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी, भोपाल में ’48वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस’ में किया। अभी बीपीआरएंडडी (BPRD) ने अपनी वेबसाइट पर इसे अपलोड किया है।

यह वेबसाइट लिंक-
https://bprd.nic.in/WhatsNews.aspx पर ‘Best Practices on Smart Policing’ नाम से उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button