छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ में 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा, इन जिलों में लू के हालात

Cg letest news in hindi: अप्रैल का पहला आधा हिस्सा बीतते ही पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मंगलवार को रायगढ़ में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.9 और रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह पिछले के मुकाबले तीन से चार डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया है। सोमवार की तुलना में यह अधिक गर्म हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, दुर्ग में 42.2 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में 42 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। इसकी वजह से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सो में लू जैसी स्थित रही है।

बस्तर संभाग में कल पानी गिरने की संभावना

मौसम विभाग की अनुमान है कि 20 अप्रैल को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी हिस्से यानी राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम और बेमेतरा में लू चल सकती है। 20 अप्रैल को इन चार संभागों में बड़ा परिवर्तन की संभावना नहीं है। वहीं बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर अंधड़ के साथ हल्की बरसात हो सकती है। आकाशीय बिजली और ओले गिरने की भी संभावना बन रही है।

बस्तर संभाग में बरसात हुई

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात दर्ज हुई है। बस्तानार में 4 और गीदम में एक मिलीमीटर बरसात मापी गई है। कुछ अन्य स्थानों पर भी बरसात दर्ज हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार रात 9.30 बजे तक कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर और उससे लगे जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है।

बस्तर में ही सामान्य रहा तापमान

बंगाल की खाड़ी से आ रही अपेक्षाकृत ठंडी हवाओं और बरसात का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान पर भी पड़ा है। मंगलवार को जगदलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से केवल एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि हवा ठंडी होने की वजह से इसका प्रभाव कम दिखा। बीजापुर में 40.6, दंतेवाड़ा में 41, नारायणपुर में 39.7 और कांकेर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button