शासन की योजनाएं लोगों के जीवन में ला रही खुशहाली, सभी वर्गो को मिल रहा लाभ

रायगढ़, 28 फरवरी2022/ जिले के विकासखण्ड तमनार के ग्राम पंचायत पडिग़ांव में आज जनसंपर्क विभाग द्वारा छायाचित्र प्रदर्शनी सह सूचना शिविर का स्टाल लगाया गया। छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश सरकार के विभिन्न शासकीय योजनाओं के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई। ग्राम पडिग़ांव के श्री परमेश्वर राठिया एवं श्री शिव प्रसाद साहू फोटो प्रदर्शनी देखने पहुंचे थे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के इन आय मूलक योजनाओं में किसानों का रुझान बढ़ा है। उत्पादन का उचित मूल्य मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और किसानों का आत्म सम्मान बढ़ा।
प्रदर्शनी देखने आयी गांव की श्रीमती किरण साहू एवं श्रीमती पार्वती राठिया ने सरकार की गोधन न्याय योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना को किसान हितैषी बताया और उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुखिया श्री भूपेश बघेल को इन सभी योजनाएं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्रीमती सत्यभामा साहू एवं श्रीमती गीता राठिया ने कहा कि राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को आमजनों तक विकास फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी प्रदान करना वाकई एक सराहनीय कार्य है। जिससे गांव के ग्रामीणों तक सभी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल पा रही है।
जनसंपर्क द्वारा लगाये गये फोटो प्रदर्शनी में ग्रामीणों को मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, जल जीवन मिशन, सुराजी गांव, नरवा, गरवा घुरवा बाड़ी योजना, वनोपज संग्रहण, जलजीवन, छत्तीसगढ़ मॉडल, रोका छेका, धन्वंतरी, बिजली बिल हॉफ, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय, छत्तीसगढ़ महतारी दुलार, गोधन न्याय योजना आदि की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बुकलेट, पाम्पलेट, ब्रोशर एवं जनमन पुस्तिका का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।



