लगातार पांचवें दिन गिरा मार्केट, निवेशकों के 7.5 लाख करोड़ डूबे – RGH NEWS
टेक्नोलोजी

लगातार पांचवें दिन गिरा मार्केट, निवेशकों के 7.5 लाख करोड़ डूबे

हफ्ते के पहले दिन भी शेयर बाजार में गिरावट का ट्रेंड जारी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स सोमवार को 1,100 पॉइंट्स गिर कर 57,963 पर कारोबार पर कर रहा है। इस वजह से निवेशकों के 7.5 लाख करोड़ रुपए डूब गए। नायका, जोमैटो और पेटीएम जैसी कंपनियों के स्टॉक जमकर पिटे हैं।

शेयर बाजार में गिरावट का यह ट्रेंड पिछले 5 दिन से जारी है। आज बाजार में हुई गिरावट 5 दिन में सबसे ज्यादा है। पिछले मंगलवार को इसमें 554, बुधवार को 656, गुरुवार को 634 और शुक्रवार को 427 अंक की गिरावट आई थी।

मार्केट कैप 262.5 लाख करोड़
शुक्रवार को मार्केट कैप 270 लाख करोड़ रुपए था जो आज 262.5 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बाजार खुलने के पहले ही घंटे में जमकर बिकवाली हुई है। बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और विप्रो के स्टॉक 4-4% टूट गए हैं। टाटा स्टील और टाइटन 4-4% गिरे हैं। एक हफ्ते में मार्केट कैप 18 लाख करोड़ रुपए घट गया है। पिछले सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था।

एक साल के निचले स्तर पर ये शेयर

  • जोमैटो 19% टूटकर 92 रुपए पर पहुंचा
  • पेटीएम 6% टूटकर 903 रुपए पर
  • नायका 12% टूटकर 1750 रुपए पर

14 अंक नीचे खुला था बाजार
सेंसेक्स आज 14 पॉइंट्स नीचे 59,023 पर खुला था और यही इसका पहले घंटे में ऊपरी स्तर भी था। इसका निचला स्तर 57,960 का था। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 6 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं और 24 गिरावट में हैं। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर्स में एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्‌डी, विप्रो और HCL टेक हैं।

इन कंपनियों में भी गिरावट दिखी

इनके साथ बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाइटन, कोटक बैंक, HDFC बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, TCS भी गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में मारुति, ICICI बैंक, पावरग्रिड, एयरटेल, रिलायंस और SBI हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 268.50 लाख करोड़ रुपए है।

गिरावट के तीन प्रमुख कारण– अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के संकेत, यूक्रेन और रूस के बीच तनाव और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार भारतीय बाजार में बिकवाली। बाजार में गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व बैंक की कल से शुरू हो रही बैठक है। इसमें पूरी उम्मीद है कि ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा। इसका फैसला 26 जनवरी को होगा। हालांकि उस दिन भारतीय बाजार गणतंत्र दिवस की वजह से बंद रहेंगे। इसका असर 27 जनवरी को दिख सकता है।

मारुति, सिप्ला बढ़त में
निफ्टी के बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में ONGC, मारुति, सिप्ला, पावरग्रिड और इंडसइंड बैंक हैं। इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 427 पॉइंट्स (0.72%) गिर कर 59,037 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 140 अंक (0.79%) गिरकर 17,617 पर बंद हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button