देश में 10 लाख पार हुए एक्टिव केस, 24 घंटे में 1.58 लाख नए मरीज बढ़े; दिल्ली में 40 मौत,
देश में बुधवार को रात 8 बजे तक 1 लाख 58 हजार 996 नए कोरोना संक्रमित मिल चुके थे। इस दौरान 40,877 लोग ठीक हुए, जबकि 315 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी 1 लाख 17 हजार 804 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुल एक्टिव केस 10 लाख के पार पहुंच गए हैं। फिलहाल 10.66 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
उधर, दिल्ली में बुधवार का दिन कोरोना वायरस के लिहाज से डरावना रहा। बुधवार को नेशनल कैपिटल में 27,561 नए मामले मिले, जो तीसरी लहर में 24 घंटे के दौरान डेली केसेज में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। राजधानी में 40 मौत भी दर्ज की गई हैं। अब यहां पिछले चार दिन के दौरान 97 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को भी यहां 23 मौत हुई थीं, जो तीसरी लहर में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत थीं।
राजधानी में मंगलवार को 21,259 और सोमवार को 19,166 नए केस मिले थे। हालांकि दिल्ली में बुधवार को 14,957 लोग रिकवर भी हुए। अब कुल एक्टिव केस 87,445 हो गए हैं और पॉजिटिविटी रेट 26% पर पहुंच गया है।
मुंबई में भी चार दिन घटने के बाद बुधवार को फिर नए केस बढ़ने शुरू हो गए। यहां बुधवार को 16,420 नए केस मिले, जो मंगलवार को मिले 11,467 कोरोना मरीजों से कहीं ज्यादा हैं। महानगर में 14,649 लोग रिकवर हुए, जबकि 7 लोगों की मौत हो गई।
दावा- कोरोना के डेल्टा-ओमिक्रॉन वैरिएंट को खत्म कर रही कोवैक्सिन बूस्टर डोज
देश की पहली कोरोना वैक्सीन बनाने वाली भारत बायोटेक कंपनी ने बुधवार को दावा किया है कि उनकी वैक्सीन कोवैक्सिन का बूस्टर डोज कोरोना वायरस के दोनों मौजूदा वैरिएंट को खत्म कर रहा है। कंपनी ने अपने ऑफिशियल बयान में कहा, एमोरी यूनिवर्सिटी की तरफ से की गई स्टडी में पहली दोनों डोज के 6 महीने बाद दिए जाने पर कोवैक्सिन बूस्टर (BBV152) के अब तक सामने आए रिजल्ट में इसने ओमिक्रॉन और डेल्टा वैरिएंट्स को न्यूट्रलाइज किया है। डेल्टा वैरिएंट के खिलाफ 100% टेस्ट सीरम सैंपल्स में यह प्रभावी साबित हुई है, जबकि ओमिक्रॉन के 90% सैंपल्स को इसने न्यूट्रलाइज कर दिया है।
8 राज्य बने हुए हैं देश में परेशानी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि कोरोना लहर के दौरान 8 राज्य परेशानी का सबब बने हुए हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट हाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि इन राज्यों में महाराष्ट्र, बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात हैं। इनमें सबसे ज्यादा 32.18% पॉजिटिविटी रेट बंगाल में है। इसके बाद दिल्ली में 23.1% और महाराष्ट्र में ये दर 22.39% है।
कोरोना अपडेट्स
- कर्नाटक में 21,390 नए मामले मिले हैं, जबकि 1541 लोग रिकवर हो गए हैं। राज्य में 10 लोगों की मौत हुई है। अब कुल एक्टिव केस बढ़कर 93,099 हो गए हैं।
- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पिछले तीन दिन के दौरान 64 पुलिसकर्मी और 5 स्टाफ मेंबर पॉजिटिव मिले हैं। एसपी कांगड़ा कुशल शर्मा ने बताया कि ये सभी मामले स्पेशल कोविड टेस्ट कैंपेन में सामने आए हैं। किसी को भी हॉस्पिटल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी है।
- IIT हैदराबाद में 119 स्टूडेंट्स और स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संस्थान के अधिकारियों के मुताबिक, ये केस 6 जनवरी से 11 जनवरी के बीच मिले हैं। वहीं, 5 से 9 जनवरी के बीच IIT मद्रास में 58 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 17 स्टूडेंट्स भी शामिल हैं। IIT जम्मू में भी 18 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में स्टूडेंट्स, फैकल्टी और स्टाफ शामिल हैं।
- पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैप्टन ने बुधवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं और वे होम आइसोलेशन में हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें..
- असम सरकार ने भोगाली बिहू पर्व के मौके पर नाइट कर्फ्यू में ढील देने का फैसला लिया है। 13 जनवरी को नाइट कर्फ्यू के समय को रात 10 से सुबह 6 की बजाय, रात 11 से सुबह 4 बजे तक कर दिया गया है।
- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, BJP हेडक्वार्टर दिल्ली के 42 स्टाफ संक्रमित पाए गए हैं।
- PM मोदी ने कहा कि 15 से 17 साल उम्र के 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों को वैक्सीन का डोज लगाया जा चुका है। प्रधानमंत्री ने ये बात पुडुचेरी में बुधवार को आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान कही।
- दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने बुधवार को कहा कि राजधानी में जल्द ही कोरोना मामलों में कमी देखने को मिलेगी। मुंबई में गिरावट का ट्रेंड देखने को मिला है, हमें ऐसा ही ट्रेंड राजधानी में भी देखने को मिलेगा। अगर 2 से 3 दिन के अंदर केस कम होते हैं, तो पाबंदिया हटाई जा सकती है। जैन ने राजधानी में बुधवार को 25000 नए केस मिलने की आशंका जताई है।
- दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि 1 से 12 जनवरी के बीच राजधानी में 1700 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और UTs के मुख्य सचिवों को लेटर लिखा है। लेटर में राज्यों और UTs को तत्काल प्रभाव से ऑक्सीजन की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, हेल्थ फैसिलिटी को भी बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
- हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में अब तक ओमिक्रॉन के 4,868 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 11.05% दर्ज की गई।
- महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के मुताबिक, राज्य में अब तक 481 रेजिडेंट डॉक्टर कोविड पॉजिटिव मिले हैं।
- हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 157.13 करोड़ से ज्यादा डोज दिया जा चुका है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 16.50 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
- बिहार में 11 बार वैक्सीन लगवाने वाले व्यक्ति ने खुदकुशी की धमकी दी है। कई डोज लगवाने वाले ब्रह्मदेव मंडल ने सजा के डर से ये बात कही है। ब्रह्मदेव पर FIR दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
- कर्नाटक सरकार ने राज्य में सभी तरह के रैलियों और विरोध प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। वहीं, शादियों में अधिकतम 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।
- देश भर में CISF के 1500 से ज्यादा जवान कोरोना संक्रमित हैं। वहीं, CRPF के 1100 से अधिक जवान संक्रमित हैं। फिलहाल BSF के 729, SSB के 562, NSG के 48, ITBP के 249 और NDRF के 57 जवान कोरोना संक्रमित हैं। पिछले 24 घंटों में अकेले CISF में 208, CRPF में 200, BSF में 110, SSB में 113 और NSG में 18 नए संक्रमित मिले हैं।



